
लिफ्ट दिए व्यक्ति ने कार में ही पूर्व वायुसैनिक को कनपटी पर गोली मारकर उतारा मौत के घाट
हरिद्वार में एक रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी भगवान सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने बेटे यशपाल के साथ कार्यक्रम में जा रहे थे, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से गोली चलाई। यशपाल ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में नहर पटरी पर देर रात कार सवार एयरफोर्स से रिटायर्ड व्यक्ति की कनपटी से तमंचा सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। सेवानिवृत्ति भगवान सिंह अपने 22 वर्षीय बैठे यशपाल के साथ अपनी कर से रोशनाबाद किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। यशपाल कार चला रहा था और भगवान सिंह आगे की सीट पर बैठे थे। ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल के पास उन्होंने एक अज्ञात युवक को लिफ्ट दी थी, जो पीछे की सीट पर बैठ गया। जैसे ही कार रानीपुर झाल के निकट पहुंची, पीछे बैठे व्यक्ति ने अचानक देशी तमंचा निकाला और भगवान सिंह की दाहिनी कनपटी पर सटा कर गोली चला दी।
गोली लगते ही भगवान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गोली की तेज आवाज सुनते ही यशपाल ने घबराहट में इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता या प्रतिक्रिया करता, आरोपी कार से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। यशपाल ने तुरंत अपने कनखल स्थित जमालपुर जेवीजी कॉलोनी में परिजनों को फोन कर पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मामले की खबर बहादराबाद पुलिस तक पहुंची तो तत्काल क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई। रानीपुर झाल, ज्वालापुर, सिडकुल बाइपास और नेशनल हाईवे पर बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग शुरू की गई, लेकिन रात में आरोपी पुलिस के हाथ नहीं चढ़ सका। बहादराबाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि मृतक भगवान सिंह भारतीय वायुसेना से रिटायर्ड थे। हत्या का मुख्य कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस लिफ्ट लेने वाले व्यक्ति की पहचान करने के साथ-साथ पारिवारिक कलह, पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़कर मामले का पर्दाफाश करने का दावा किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




