Dehradun News: पटाड़ी सला में सड़क निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध,एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
Dehradun News: पुरोला के ग्राम पंचायत चपटाड़ी सला के ग्रामीणों ने प्रस्तावित सड़क निर्माण का विरोध किया। उनका कहना है कि बाहरी व्यक्ति निजी स्वार्थ के लिए सड़क बनवाना चाहता है, जो पर्यावरण और उनकी आजीविका को नुकसान पहुँचाएगा। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सड़क निर्माण को निरस्त करने की मांग की है।

Dehradun News: पुरोला। विकासखंड पुरोला की ग्राम पंचायत चपटाड़ी सला के ग्रामीणों ने प्रस्तावित सड़क निर्माण का विरोध करते हुए उपजिलाधिकारी पुरोला को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण निरस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक बाहरी व्यक्ति अपने निजी स्वार्थ के लिए ग्रामसभा चपटाड़ी सला में सड़क का निर्माण कराना चाहता है, जिसका ग्रामसभा के अधिकांश लोग विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस सड़क से ग्रामसभा को कोई लाभ नहीं मिलेगा, बल्कि पर्यावरण एवं ग्रामीणों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्रामसभा चपटाड़ी वर्ष 2013 से लगातार आपदाग्रस्त क्षेत्र है तथा दिसंबर 2016 से विस्थापित क्षेत्रों की सूची में शामिल है।
ग्रामीणों ने वर्ष 2013 में हुए भूगर्भीय (जियोलॉजिकल) सर्वेक्षण की रिपोर्ट का भी हवाला देते हुए कहा कि इस रिपोर्ट में पूरे क्षेत्र को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। ऐसे में सड़क निर्माण से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं और ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि प्रस्तावित सड़क निर्माण से प्राकृतिक जल स्रोतों के समाप्त होने, वन संपदा को नुकसान पहुंचने, पशुओं के चारागाह प्रभावित होने तथा हक हकूकों पर पर बाहरी व्यक्तियों के अतिक्रमण की आशंका भी है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उपरोक्त सड़क स्वीकृति के लिए पेयजल व्यवस्था करने की बात कह कर ग्रामीणों को गुमराह कर सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करवाये गए थे जो सरासर धोखा है।ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित सड़क निर्माण को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान मनोज, सुमन, प्रदीप, विनोद, विरेन्द्र, राहुल, चन्द्रमोहन, बिजेंद्र लाल, प्रेम लाल, भगत राम, सुशील, संतराम, आजाद, कुलदीप, लोकेंद्र, भादरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


