पौड़ी जनता मिलन कार्यक्रम में सीडीओ ने समस्याओं पर तुरंत निस्तारण करने के दिए आदेश
पौड़ी में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न जनसमस्याओं पर त्वरित संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाए। पेयजल आपूर्ति, राशन वितरण, और खेल मैदान के विस्तार से जुड़ी शिकायतें दर्ज की गईं। उपजिलाधिकारी को भी आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए गए।
पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने जिला कार्यालय सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न जनसमस्याओं पर त्वरित संज्ञान लिया व अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान पेयजल आपूर्ति, राशन वितरण, खेल मैदान विस्तार, राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण से जुड़े मुआवजा प्रकरण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता संबंधी करीब आधा दर्जन शिकायतें दर्ज हुईं। सीडीओ ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आगामी सोमवार को प्रत्येक प्रकरण पर की गई कार्यवाही की आख्या अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करे। जनता मिलन में तहसील पौड़ी ग्राम नौली निवासी राकेश सिंह द्वारा पेयजल आपूर्ति बाधित होने, राशन न मिलने एवं आर्थिक तंगी की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपजिलाधिकारी पौड़ी को निर्देशित किया कि राजस्व कर्मियों से स्थलीय जांच कराकर वस्तुस्थिति स्पष्ट की जाए तथा खाद्य एवं पूर्ति विभाग उज्ज्वला गैस योजना एवं राशन वितरण की स्थिति स्पष्ट करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।
वहीं ग्राम बौंसरी निवासी सुरेशचन्द्र बड़थ्वाल द्वारा ल्वाली के निकट डडुवादेवी क्षेत्र में निर्माणाधीन खेल मैदान के विस्तारीकरण संबंधी प्रकरण पर संबंधित विभागीय अधिकारी को त्वरित परीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इस मौके पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग अभिनव रावत, ईओ नगर पालिका परिषद पौड़ी संजय कुमार, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल तथा अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



