बागेश्वर की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दून में प्रदर्शन
बागेश्वर में स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति और अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ सुराज सेवा दल ने प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री और विधायकों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी और अस्पतालों की जवाबदेही की मांग की।

बागेश्वर जनपद में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पताल प्रशासन की लापरवाही और गंभीर मामलों के विरोध में शनिवार को सुराज सेवा दल ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने देहरादून के लैंसडाउन चौक पर स्वास्थ्य मंत्री और बागेश्वर के विधायकों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सा व्यवस्था वेंटिलेटर पर है। बागेश्वर की हालिया घटनाओं ने स्वास्थ्य विभाग की संवेदनहीनता की पोल खोल दी है। सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों और जरूरी उपकरणों की भारी कमी है, जिससे मरीजों को हायर सेंटर रेफर कर दिया जाता है।
रास्ते में ही दम तोड़ने वाले मरीजों की विफलता की जिम्मेदारी सरकार को लेनी होगी। उन्होंने मांग की कि पहाड़ों में डॉक्टरों के खाली पद तुरंत भरे जाएं और अस्पतालों की जवाबदेही तय हो। संगठन के वक्ताओं ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की जनता मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरस रही है, लेकिन सरकार सोई हुई है। यदि बागेश्वर मामले के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो सुराज सेवा दल पूरे राज्य में बड़ा जनआंदोलन शुरू करेगा। प्रदर्शन में संगठन के देहरादून जिला अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, देवेंद्र बिष्ट, बिपिन सिंह, हिमांशु धामी, विजेंद्र, नवीन राज, अमित अग्रवाल, पूजा नेगी, पूजा बिष्ट और गीता तोमर आदि शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


