Dehradun News: विकासनगर के प्राथमिक शिक्षकों ने प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन, पुरानी पेंशन बहाली और टीईटी से छूट की उठाई मांग
Dehradun News: विकासनगर। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, विकासखंड विकासनगर ने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन प्रेषित
Dehradun News: विकासनगर। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, विकासखंड विकासनगर ने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन प्रेषित कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों के समाधान की मांग की है। यह ज्ञापन खंड शिक्षा अधिकारी, विकासनगर के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि आरटीई अधिनियम लागू होने से पूर्व एवं औपबंधिक (अस्थायी) रूप से नियुक्त शिक्षकों को सेवा में बने रहने और पदोन्नति के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से मुक्त रखा जाए। संघ का कहना है कि आरटीई अधिनियम में आवश्यक संशोधन कर अधिनियम लागू होने से पहले नियुक्त सभी शिक्षकों को टीईटी की बाध्यता से छूट दी जानी चाहिए, ताकि उनके भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।
इसके अलावा वर्ष 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था (ओपीएस) बहाल करने की भी मांग की गई है। ज्ञापन में नई पेंशन योजना (एनपीएस) को समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की अपील करते हुए कहा गया है कि इससे शिक्षकों और कर्मचारियों का आर्थिक एवं सामाजिक भविष्य सुरक्षित होगा। संघ ने प्रधानमंत्री से शिक्षकों की वर्तमान सेवा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। ज्ञापन पर विकासखंड अध्यक्ष मधु पटवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश आचार्य, संयुक्त मंत्री रंजना नेगी, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह राय तथा मंत्री कमलेश सुयाल सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।


