पीआरडी कर्मचारियों के मुख्यमंत्री आवास कूच से पांच घंटे जाम रही न्यू कैंट रोड
- सीएम आवास कूच के दौरान हाथीबड़कला में बैरियर फांदकर आगे बढ़े प्रदर्शनकारी, पुलिस ने

समान काम-समान वेतन और साल भर रोजगार देने की मांग को लेकर बुधवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। पुलिस ने हाथीबड़कला में बैरियर पर रोका तो काफी धक्का-मुक्की हुई। कई आक्रोशित जवान पहला बैरियर कूदकर आगे बढ़ गए जिन्हें पुलिस ने वापस खदेड़ा। इसके बाद न्यू कैंट रोड पर ही धरने पर बैठ गए। जिससे वहां करीब सवा पांच घंटे तक सड़क जाम हो गई। इससे राहगीरों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। बुधवार दोपहर प्रदेश भर से आए एक हजार से अधिक पीआरडी जवान परेड ग्राउंड में जमा हुए। यहां से दोपहर करीब एक बजे सीएम आवास के लिए कूच शुरू किया।
लगभग 1:20 बजे जब रैली हाथीबड़कला बैरियर पर पहुंची तो वहां पहले से लगे बैरियर पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस पर कई कर्मचारी पुलिस को चकमा देकर पहला बैरियर कूदकर दूसरे तक पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती की और जवानों को खदेड़ कर वापस धकेला। इससे नाराज कर्मचारी न्यू कैंट रोड पर ही सड़क घेर कर बैठ गए। जवानों के सड़क पर बैठने से दोपहर करीब सवा बजे से लेकर शाम 6:30 बजे तक यातायात पूरी तरह से ठप रहा। सवा पांच घंटे तक सड़क जाम रहने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आखिरकार शाम 6:30 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारी जवानों को बसों में भरा और वापस परेड ग्राउंड ले जाकर छोड़ दिया। पीआरडी कर्मचारियों के इस आंदोलन को उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा का भी समर्थन मिला। मोर्चा अध्यक्ष बॉबी पंवार खुद इस कूच में शामिल हुए और जवानों की मांगों को जायज ठहराया। प्रदर्शन में पीआरडी संगठन के अध्यक्ष प्रमोद मंद्रवाल, सचिव संजय सिंह पंवार, कोषाध्यक्ष सुधीर तोमर, जिलाध्यक्ष नवीन बिष्ट और किशन भट्ट शामिल रहे।ये हैं प्रमुख मांगें- पीआरडी कर्मचारियों को भी नियमित कर्मचारियों की तरह साल के पूरे 365 दिन रोजगार मिले।- होमगार्ड जवानों की तर्ज पर पीआरडी जवानों को भी मूल वेतन के साथ अन्य सभी भत्ते मिलें।- विभाग में समान काम के लिए समान वेतन का नियम लागू किया जाए।अब सचिवालय और मंत्री आवास का करेंगे घेरावपीआरडी हित संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद मंद्रवाल ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि कार्य बहिष्कार के तहत गुरुवार को भी एकता विहार धरना स्थल पर विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। यदि सरकार इसके बाद भी उनकी मांगों की अनदेखी करती है, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। मंद्रवाल ने कहा कि जल्द ही सचिवालय, उसके बाद विभागीय मंत्री के आवास और अंत में पीआरडी निदेशालय का घेराव कर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


