ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड देहरादूनविधानसभा कूच कर रहे संवैधानिक मंच के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

विधानसभा कूच कर रहे संवैधानिक मंच के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

प्रमोशन में आरक्षण के खिलाफ दायर याचिका वापस लेने सहित 20 सूत्रीय मांगों को लेकर एससीएसटी और घुमंतु जनजाति से जुड़े दर्जनों लोगों ने सोमवार को ढोल नगाड़ों के साथ विधानसभा कूच...

विधानसभा कूच कर रहे संवैधानिक मंच के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
हिन्दुस्तान टीम,देहरादूनMon, 09 Dec 2019 05:40 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रमोशन में आरक्षण के खिलाफ दायर याचिका वापस लेने सहित 20 सूत्रीय मांगों को लेकर एससीएसटी और घुमंतु जनजाति से जुड़े दर्जनों लोगों ने सोमवार को ढोल नगाड़ों के साथ विधानसभा कूच किया।

परेड ग्राउंड धरना स्थल से दोपहर 1.15 बजे के करीब उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के बैनर तले रैली निकाली गई। मंच के प्रदेश संयोजक दौलत कुंवर की अगुवाई में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। सरकार के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया। इस बीच विधानसभा परिसर से दूर रिस्पना पुल के पास लगाए गए बेरीकेट के पास पहुंचते ही मंच के कार्यकर्ताओं और पुलिस बल के बीच धक्का मुक्की हुई। तीखी नोक झोंक के बीच कई कार्यकर्ताओं ने बेरीकेट लांघने की कोशिश की। लेकिन पुलिस बल ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इस दौरान प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे दौलत कुंवर को आगे बढ़ने से रोकने में पुलिस जवानों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने बाद में अपना घेरा मजबूत कर सभी प्रदर्शनकारियों को घेर लिया। बाद में कार्यकर्ता वहीं सड़क पर बैठ कर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करने लगे। इस मौके पर दौलत कुंवर ने कहा कि जब तक प्रदेश सरकार समाज के पिछड़े वर्ग को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की समुचित सुविधाएं नहीं देती है उनका आंदोलन जारी रहेगा।

- और पुलिस वालों की बांछें खिल उठी

उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच की रैली दोपहर 2.15 बजे जैसे ही विधानसभा परिसर से दूर लगाए गए बेरीकेट के करीब पहुंची तो मंच के कार्यकर्ताओं ने नारों के बीच पुलिस जवानों की मांग से संबंधित एक नारा भी उछाल दिया। मंच ने मांग उठाई कि 24 घंटे सेवाएं दे रहे पुलिस जवानों के वेतनमान में सुधार किया जाए। नारे सुनकर भीड़ रोकने डटे पुलिस कर्मियों की बांछे खिल उठी। हालांकि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस के जवानों को मौके पर काफी मशक्कत करनी पड़ी।

- इन मांगों को लेकर कूच

एससीएसटी वर्ग के लोगों को प्रमोशन में आरक्षण के खिलाफ दायर याचिका शीघ्र वापस ली जाए। अन्य पिछड़ा वर्ग को भी आरक्षण में लाभ प्रदान किया जाए। रोस्टर प्रणाली पर जारी किया गया शासनादेश वापस लिया जाए। बैकलॉग पदों पर जल्द नियुक्ति प्रदान की जाए। चारों धामों की मंदिर समितियों में एससी वर्ग के लोगों को विभिन्न पदों पर निर्धारित आरक्षण कोटा पूरा किया जाए। 24 घंटे सेवाएं दे रहे पुलिस कर्मियों के वेतनमान में सुधार किया जाए। उत्तराखंड में अल्पसंख्यकों की आबादी प्रतिशत के आधार पर एक अल्पसंख्यक विवि का गठन किया जाए। अल्पसंख्यक, बोक्सा, घुमंतु जनजातियों को एंग्लोइंडियन की तर्ज पर राजनीतिक शक्तियां प्रदान की जाएं।

- कूच में ये रहे शामिल

मंच के प्रदेश संरक्षक भोपाल सिंह चौधरी और मुरारी लाल खंडवाल, प्रदेश प्रधान महासचिव संदीप पॉल, घुमंतु जनजाति अध्यक्ष मुन्नी देवी, मंच के प्रदेश प्रवक्ता आशीष कपरवाण, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रभारी आईटी संजय सिंह,शशि कुंवर, निक्कू, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत, दाई मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी देवी, महिला मोर्चा संरक्षक कुमारी सरस्वती, आशा देवी, रानी देवी, अजय शाह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें