Dehradun News: श्रीनगर में कोतवाली में छात्र संघ पदाधिकारियों का हंगामा, पुलिस पर लगाए अभद्रता के आरोप
Dehradun News: श्रीनगर में देर रात एक सड़क हादसे के बाद पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर विवाद पैदा हुआ। छात्र संघ के नेताओं ने कोतवाली जाकर पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस द्वारा एक छात्र को थप्पड़ मारने के आरोप से मामला गंभीर हो गया। प्रदर्शनकारी ने निष्पक्ष जांच की मांग की।
Dehradun News: श्रीनगर। श्रीनगर में सोमवार देर रात सड़क हादसे के बाद पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आधी रात में बड़ी संख्या में छात्र संघ से जुड़े पदाधिकारी और छात्रनेता कोतवाली पहुंचे।
छात्र नेताओं का विरोध
इस दौरान कोतवाली परिसर में नारेबाजी हुई और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी। जानकारी के अनुसार मामला बाइक और स्कूटी की भिड़ंत से जुड़ा है। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जसवंत राणा का कहना है कि हादसा देखकर वह मदद के लिए मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ देर बाद पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा और उसमें मौजूद एक व्यक्ति, जिसने खुद को सीओ बताया, ने हादसे में शामिल एक छात्र को थप्पड़ मार दिया।
पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक
कहा कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद छात्र नेताओं को घटना की जानकारी दी गई और देखते ही देखते कई छात्र नेता कोतवाली पहुंच गए। करीब साढ़े 12 बजे शुरू हुए इस विरोध के दौरान छात्र नेताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
स्थिति तनावपूर्ण
देर रात तक कोतवाली परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। विरोधस्वरूप छात्रों ने मंगलवार तड़के सुबह तक कोतवाली परिसर में डेरा जमाये रखा। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है, जिसके बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी。


