
पौड़ी में गणतंत्र दिवस को धूम धाम से मनाने के लिए प्रशासन ने की तैयारी
पौड़ी में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य रूप से मनाने के लिए दिशा निर्देश दिए। मुख्य समारोह 26 जनवरी को कंडोलिया मैदान में होगा, जिसमें ध्वजारोहण, पुलिस परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे। सभी सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण सुबह 9 बजे होगा।
पौड़ी। अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य व सुव्यवस्थित रूप से मनाने को लेकर विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जनपद स्तरीय मुख्य समारोह 26 जनवरी को सुबह साढ़े 10 बजे कंडोलिया मैदान पौड़ी में आयोजित होगा। सामूहिक ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस व होमगार्ड की परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम विभिन्न विभागों की सहभागिता से प्रस्तुतियां होंगी। एडीएम ने कहा कि 26 जनवरी को सुबह साढ़े 9 बजे जनपद के समस्त शासकीय कार्यालयों व विभागों में ध्वजारोहण किया जाए। 25 एवं 26 जनवरी को 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक सभी राजकीय भवनों, कार्यालयों की इमारतों में एलईडी व कम वोल्टेज बल्बों से विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम कोटद्वार, श्रीनगर, नगर पालिका पौड़ी एवं दुगड्डा व नगर पंचायत चौक, सतपुली व थलीसैंण के प्रमुख चौराहों पर 25 जनवरी की सायं और 26 जनवरी की सुबह देशभक्ति गीतों का प्रसारण लाउडस्पीकर के माध्यम से कराया जाएगा। नगर में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। संस्कृति विभाग द्वारा वनाग्नि, आपदा प्रबंधन, मानव–वन्यजीव संघर्ष व ऐतिहासिक आपदाओं से जुड़े विषयों पर झांकियों का आयोजन किया जाएगा। बैठक में आवश्यक व्यवस्थाएं करने हेतु संबंधित विभागों द्वारा आपसी समन्वय से किए जाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सीओ तुषार बोरा, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र फोनिया आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




