
टिहरी झील क्षेत्र के चारों ओर बनेगी 77 किमी रिंग रोड
नई टिहरी में टिहरी झील को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनाने के लिए 77 किमी रिंग रोड का निर्माण शुरू हो गया है। पहले चरण में 16 किमी का कार्य कोटी से डोबरा-चांठी पुल तक होगा। सड़क के दोनों ओर फुटपाथ और साइकिल ट्रैक भी बनाए जाएंगे। सरकार इस परियोजना के लिए 1200 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
नई टिहरी। टिहरी झील को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में एक कदम और बढ़ गया है। झील क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से प्रस्तावित 77 किमी रिंग रोड का पहले चरण का कार्य भी शुरू हो गया है। प्रथम चरण में कोटी से डोबरा-चांठी पुल तक 16 किमी रिंग रोड पर कार्यदायी संस्था ने काम शुरू करते हुए छह माह के अंदर काम पूरा करना होगा। 14 से 21 मीटर तक चौड़ी रिंग रोड़ के दोनों ओर फुटपाथ और एक साइकिल ट्रैक भी बनाया जाएगा। इस सड़क निर्माण के लिए झील किनारे बसे 9 गांवों की भूमि अधिग्रहण की गई है।
केंद्र और राज्य सरकार टिहरी झील में देश-विदेश के पर्यटकों को लाने के लिए कई तरह की सुविधाएं मुहैया करवा रही है। टिहरी झील के किनारे चारों तरफ लगभग 77 किमी रिंग रोड का निर्माण होना है। सरकार ने 1200 करोड़ की इस परियोजना के तहत अलग-अलग चरणों में पर्यटन विकास के कार्य किए जा रहे हैं। जाख, ज्यूदासू, रामगांव, मरोडा, हडगी, पालीचक, जसपुर, तिवाड़गांव और पलास के 98 काश्तकारों की लगभग 4.8 हेक्टेयर नाप भूमि का अधिग्रहण किया गया है। साथ ही सड़क निर्माण पर आ रहे पेड़ों के पातन का कार्य भी किया जा रहा है। अब सड़क का कार्य भी शुरू हो गया है। लोनिवि चंबा के अधिशासी अभियंता जगदीश खाती ने बताया कि रिंग रोड निर्माण के लिए 24 मीटर चौड़ाई तक भूमि का अधिग्रहण किया गया है। रिंग रोड की चौड़ाई 14 मीटर रखी गई है। लेकिन कुछ स्थानों पर 21 मीटर तक चौड़ी रोड बनाई जाएगी। जहां अधिक चौड़ाई होगी वहां पर व्यू प्वाइंट बनाए जाएंगे। सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ बनेंगे। इसके अलावा साइकिल ट्रैक भी बनाया जाना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




