
प्रदेश में आपदा और पर्यटन के मद्देनजर नए हेलीपैड बनाए जाएंगे
राज्य में आपदा प्रबंधन और पर्यटन की जरूरतों को देखते हुए नए हेलीपैड बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों को नए हेलीपैड के लिए स्थान चयन के निर्देश दिए। साथ ही...
राज्य में आपदा प्रबंधन और पर्यटन की जरूरतों को देखते हुए नए हेलीपैड बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों को नए हेलीपैड के लिए स्थान चयन के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख हेलीपैडों की सुरक्षा के लिए सिविल एविएशन सिक्योरिटी गठन पर विचार करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने मंगलवार को सीएम आवास में नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा की। सीएम ने केदारनाथ में हेली कंपनियों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए इस पर रोक के लिए प्रभावी तंत्र बनाने को कहा। सीएम कहा कि केदारनाथ में सेवा दे रही हेलीकाप्टर कम्पनियों के लिए सीएसआर के तहत कुछ घंटे निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं को देने के लिए नीति बनाई जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जॉलीग्रांट एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 365 एकड भूमि की जरूरत होगी। नागरिक उड्डयन विभाग इसके लिए पैरवी करे। अपर सचिव नागरिक उड्डयन आर राजेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष विभाग को सात करोड़ राजस्व लक्ष्य के सापेक्ष 5.80 करोड़ की आय हो चुकी है। बैठक में मुख्य सचिव एस रामास्वामी, सचिव मुख्यमंत्री अमित सिंह नेगी सहित अनेक अधिकारी मौजूद थे।
पंतनगर- देहरादून के बीच सस्ती उड़ान दिसम्बर से
पंतनगर और देहरादून के बीच 2500 रुपये में सस्ती उड़ान दिसम्बर से शुरू होगी। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र की उड़ान योजना के तहत पंतनगर-दून के लिए डेक्कन एयरवेज का चयन हुआ है और कंपनी दिसम्बर तक उड़ान शुरू कर देगी। इस दौरान सीएम ने पंतनगर एयरपोर्ट में नाइट लैण्डिंग सुविधा हेतु एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से अनुरोध करने, नैनीसेनी हवाई पट्टी पर डीजीसीए की आपत्तियों को दूर करने, नैनीसेनी हवाई पट्टी पर एअरपोर्ट मैनेजर की नियुक्ति का अनुरोध करने, चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी की गुणवत्ता की जांच केन्द्रीय सड़क शोध संस्थान द्वारा कराने के भी निर्देश दिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




