
गोरखपुर के श्रीकृष्ण पांडेय को दिया जाएगा यशवंत राव केलकर पुरस्कार
फोटो 28 से 30 नवंबर को परेड ग्राउंड में होगा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 71 वां राष्ट्रीय अधिवेशन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे यशवंतराव केल
दून में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(अभाविप) के 71 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाला यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार गोरखपुर के श्रीकृष्ण पाण्डेय 'आजाद' को दिया जाएगा। इस पुरस्कार में एक लाख रुपये की धनराशि, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किया जाता है। उन्हें यह पुरस्कार तीस नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदान करेंगे। दून स्थित परेड ग्राउंड में अधिवेशन को लेकर बनाए जा रहे 'भगवान बिरसा मुंडा नगर' में अभाविप का यह राष्ट्रीय अधिवेशन होगा। अभाविप की ओर से यह पुरस्कार वर्ष 1991 से प्राध्यापक यशवंतराव केलकर की स्मृति में दिया जा रहा है, जिन्हें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के शिल्पकार के रूप में जाना जाता है।
अभाविप के कार्यविस्तार एवं संगठन को व्यापक स्वरूप देने में उनकी महती भूमिका रही है। यह पुरस्कार अभाविप और विद्यार्थी निधि न्यास की संयुक्त पहल है, जो छात्रों की उन्नति तथा शिक्षा के क्षेत्र में कार्य के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, समाज, पर्यावरण, विज्ञान जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को यह पुरस्कार दिया जाता है। अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि, राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर देश के प्रत्येक राज्य से आने वाले प्रतिनिधि उत्साहित है। इस तीन-दिवसीय अधिवेशन में प्रतिभागी प्रतिनिधि शिक्षा, समाज, पर्यावरण, खेल, सेवा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विमर्श करेंगे।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सभी प्रतिभागी प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इससे पूर्व वीरेन्द्र सोलंकी का दून पहुंचने पर अभाविप कार्यकर्ताओं ने रिस्पना पुल पर भव्य स्वागत किया। उन्हें कार बाइक रैली के जरिए अधिवेशन स्थल परेड ग्राउंड लेकर आए। गोरखपुर में चलाते हैं स्माइल रोटी बैंक पुरस्कार के लिए चुने गए श्रीकृष्ण पांडेय ‘आजाद’ स्माइल रोटी बैंक फाउंडेशन के अध्यक्ष हैं। उन्होंने गोरखपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में दो हजार से अधिक निराश्रित मनोरोगियों की सेवा करते हुए उन्हें चिकित्सा, दवा और पुनर्वास सहायता प्रदान की है। उन्होंने कारागारों में बंदियों के पुनर्वास, बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन, नशामुक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। दो पुनर्वास केंद्रों के संचालन तथा निरंतर जन-जागरूकता अभियानों वह अनेक बच्चों एवं युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला पाए हैं। जिसके लिए यूपी सरकार ने भी उन्हें सम्मानित किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




