
पालिका ने पदमिनी निवास नाले के अतिक्रमण पर कार्रवाई की
मसूरी। संवाददाता माल रोड पर होटल पदमिनी निवास के समीप नाले पर किए गये अतिक्रमण
माल रोड पर होटल पदमिनी निवास के समीप नाले पर किए गये अतिक्रमण को पालिका ने पालिका अधिशासी अधिकारी के समक्ष जेसीबी से ध्वस्त कर दिया । मौके पर ठेकेदार ने विरोध भी किया व अपना पक्ष रखा लेकिन उसके बावजूद अतिक्रमण तोड़ दिया गया। ठेकेदार भारत शर्मा ने कहा कि उनके खिलाफ की गयी कार्यवाही पूर्वाग्रह से ग्रस्त है। उन्होंने कहा कि यह मामला न्यायालय में है। उन्होंने मौके पर नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन को कागज भी दिखाए व जिसमें रास्ता दिखाया गया है लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं सुनी व रैंप तोड़ दिया । उन्होंने कहा कि नाले के नाम पर पालिका की ओर से पहली कार्रवाई की गई है जो एक सभासद के कहने पर टारगेट कर कार्रवाई की गई है।
उन्होंने पालिकाध्यक्ष से मांग की है कि जब उनके कार्य पर कार्रवाई की गयी तो सभी पर कार्रवाई होनी चाहिए। पालिका के नालों पर कई पक्के निर्माण किए गये हैं उनके भी ध्वस्तीकरण के आदेश करें। केवल एक पर टारगेट न किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह अपने अधिवक्ता से बात करेंगे। इस नाले में मालरोड से कूड़ा डाला जाता था जिससे वहां गंदगी रहती थी। बरसात में दुर्गंध आती थी जिससे बचाव के लिए केवल रैंप डाला गया था। इसे पालिका ने तोड़ दिया। पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कहा कि लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि मालरोड से लगते इस सार्वजनिक नाले पर अतिक्रमण किया गया है। इस पर पालिका ने अतिक्रमण पर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के स्पष्ट आदेश है कि राज्य आपदा ग्रस्त राज्य है जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। पूर्व में आयी आपदा में मुख्य कारण अवैध अतिक्रमण सामने आया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




