ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड देहरादूनमंत्री सुबोध उनियाल के घर पर दो घंटे इंतजार के बाद निराश लौटे पूर्व मंत्री

मंत्री सुबोध उनियाल के घर पर दो घंटे इंतजार के बाद निराश लौटे पूर्व मंत्री

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में जिन विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ.अनुसूया प्रसाद मैखुरी और काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल की तूती बोलती थी, आज फरियादी बनकर यमुना कालोनी में काबीना मंत्री सुबोध उनियाल के आवास में...

मंत्री सुबोध उनियाल के घर पर दो घंटे इंतजार के बाद निराश लौटे पूर्व मंत्री
देहरादून, लाइव हिन्दुस्तानMon, 05 Feb 2018 03:29 PM
ऐप पर पढ़ें

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में जिन विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ.अनुसूया प्रसाद मैखुरी और काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल की तूती बोलती थी, आज फरियादी बनकर यमुना कालोनी में काबीना मंत्री सुबोध उनियाल के आवास में खड़े थे। 

दिलचस्प बात यह है कि उनियाल विभागीय समीक्षा बैठक में इतने व्यस्त हो गए कि अपने पुराने साथी वीआईपी फरियादियों को ही भूल गए। दो घंटे से भी ज्यादा वक्त गुजने के बाद भी मुलाकात न होती देख मैखुरी और अग्रवाल मायूस होकर लौटना पड़ा।  वर्ष 2022 तक किसानों की आमदनी को दोगुना करने के लक्ष्य की वजह से सुबोध इन दिनों अपने महकमों की ताबड़तोड़ बैठकें कर रहे हैं। कृषि, उद्यान, चाय, जड़ीबूटी के बाद आज बारी थी रेशम विभाग की थी। सुबोध को दून में देख पहले मैखुरी और फिर अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ करीब साढे़ 11 बजे यमुना कालोनी स्थित सुबोध के आवास पहुंच गए।

सुबोध उस वक्त बैठक हाल में रेशम विभाग के अफसरों के साथ बैठक ले रहे थे। पल भर मिलने के बाद सुबोध उन्हें बिठाकर बैठक में चले गए। मैखुरी और अग्रवाल का कोई बड़ा काम भी नहीं था। वे छोटे-मोटे मुद्दे लेकर आए थे। पर आधा घंटा, एक घंटा गुजरा, लेकिन न बैठक खत्म हुई और न ही सुबोध आए। हां, काजू बरफी, नमकीन, पानी और चाय बदस्तूर आता रहा। वक्त लंबा खिंचता देख मैखुरी और अग्रवाल ने सुबोध के पीएस को बुलाकर ही ज्ञापन ले लेने का अनुरेाध किया, लेकिन उससे भी बात न हो पाई। 10 मिनट-10 मिनट करते जब पौने दो बजे गए तो दोनों के सब्र का बांध टूट गया।

पहले धीरे से मैखुरी खिसक गए उनके बाद दूसरे कार्यक्रम की व्यस्तता का हवाला देते हुए दिनेश भी निकल गए। हालांकि, उनके चेहरे पर अपनी उपेक्षा का गुस्सा साफ-साफ झलक रहा था। ढाई बजे जाकर जब सुबोध बैठक से फारिग हुए तो उन्हें मैखुरी और दिनेश की जानकारी मिली। उनके चेहरे पर अपने दोनों पुराने साथियों से न मिल पाने का मलाल भी झलका। उन्होंने अपने सहज अंदाज में कहा कि, मैं तत्काल फोन पर बात कर लेता हूं। पूर्व काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल ने कहा कि मंत्री जी संभवत काफी व्यस्त रहे होंगे। मैं सामान्य रूप से मिलने आया था। ऐसी भी जल्दी नहीं है। फिर आकर मिल लिया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें