Dehradun News: सावन के सोमवार और नाग पंचमी पर पृथ्वीनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Dehradun News: देहरादून के श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में सावन मास के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जलाभिषेक किया और नाग देवता की पूजा की। मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन हुआ जिसमें गंगाजल का उपयोग हुआ और खीर का प्रसाद वितरित किया गया।

Dehradun News: देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता। सावन मास के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन अवसर पर सोमवार को श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महंत रवींद्र पुरी महाराज के सानिध्य में हुए धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।दिगंबर दिनेश पुरी ने बताया कि भारी बारिश के बावजूद सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का गंगाजल, दूध, दही और पंचामृत से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही नाग देवता की भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मंदिर में कालसर्प दोष से पीड़ित श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा का आयोजन किया गया।
वहीं, प्रातःकाल हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। सायंकाल भगवान शिव का नाग स्वरूप में विशेष श्रृंगार और आरती की गई। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया। मौके पर राजेंद्र आनंद, रजनीश यादव, प्रवीन बंसल, विक्की गोयल, नवीन गुप्ता, तुषार बंसल, दिलीप सैनी, प्रशांत शर्मा, अनिल गोयल, नीरज गोयल, राजकुमार गुप्ता, कान्हा मित्तल, संजय कुमार गर्ग मौजूद रहे।


