
सड़क निर्माण की घटिया गुणवत्ता पर भड़के ग्रामीण, लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन किया
जौनसार बावर क्षेत्र में हरिपुर-कोटी-क्वानू-मिनस मोटर मार्ग पर सड़कों के गड्ढे भरने के लिए किए जा रहे पैच वर्क की गुणवत्ता बेहद खराब है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के खिलाफ प्रदर्शन कर गुणवत्ता की मांग...
साहिया। जौनसार बावर क्षेत्र के हरिपुर-कोटी-क्वानू-मिनस मोटर मार्ग पर इन दिनों सड़कों के गड्ढे भरने के लिए पैच वर्क किए जा रहे हैं। लेकिन सड़क पर डामर डलते ही उखड़ना शुरू हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री के सड़क के गड्ढे भरो अभियान को लोक निर्माण विभाग साहिया ने मजाक बना डाला है। रविवार को ग्रामीणो ने निर्माण स्थल पर पहुंच कर लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन कर गुणवत्तापरक निर्माण कार्य करने की मांग की है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणो ने बताया कि सड़क पर बिना कोलतार के सीधे मिट्टी पर रोड़ी डाली जा रही है।

काम की गुणवत्ता इतनी घटिया है कि नई टायरिंग डलते ही सड़क जगह-जगह से उखड़ गई। गांव के नजदीकी हिस्सों में, जहां सड़क की मरम्मत सबसे ज्यादा जरूरी थी, वहां काम अधूरा छोड़ दिया गया है। बताया कि अधिशासी अभियंता से भी फोन पर संपर्क किया, लेकिन उन्होंने भी टाल मटोल किया। निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा। कहा कि सड़कों की घटिया गुणवत्ता के कारण ही जौनसार बावर में अक्सर वाहन दुर्घटनाएं होती हैं, बावजूद इसके अधिकारी सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर लापरवाह रवैया अख्तियार कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने विभाग पर मिलीभगत और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क की मरम्मत गुणवत्ता के साथ नहीं की गई तो वे विभागीय कार्यालय का घेराव करेंगे और आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। मांग की है कि मुख्यमंत्री स्वयं इस घटिया निर्माण की जांच करवाएं और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करें। प्रदर्शन करने वालो में ग्रामीण नरेंद्र सिंह तोमर, चंदन सिंह तोमर, बीटू तोमर, अजब सिंह तोमर, नरेश तोमर, श्रीचंद तोमर, कपिल सिंह तोमर, कुंवर सिंह तोमर, नारायण सिंह, इंदर सिंह, पूर्व बीडीसी मेंबर खजान सिंह तोमर, कुंदन सिंह तोमर, गंगाराम तोमर, गंभीर तोमर, भगत सिंह तोमर, मदन सिंह तोमर शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




