पूर्व सैनिक संगठन देहरादून संभाग के अंतर्गत कुमाऊं नागा रेजिमेंट और कुमाऊं स्काउट ने गुरुवार को अपना 207वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस मौके पर स्कूली छात्राओं की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन प्रेमनगर के अंतर्गत पर्वतीय कल्याण समिति स्मिथ नगर के सभागार में आयोजित किया गया। इस मौके पर पूर्व सैनिकों ने समारोह में गढ़वाली लोक गीतों पर जमकर नृत्य किया। साथ ही गढ़वाली कुमाऊंनी संस्कृति को बढ़ावा देने पर बल दिया। इससे पहले कार्यक्रम के शुभारंभ पर संगठन सचिव कप्तान एमडी चौबे ने रेजिमेंट के इतिहास पर विस्तार से अपने विचार रखे। कहा कि रेजिमेंट ने भारतीय सेना को तीन जुझारू जनरल दिए हैं। जिसमें पहले परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वहीं संगठन के अध्यक्ष मेजर मान सामंत ने कहा कि हम सब को अपनी रेजिमेंट पर गर्व है। यह भारतीय सेना की शान है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भी बढ़चढ़ कर अपनी भागीदारी निभाई। साथ ही तंबोला का आनंद भी उठाया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण झोड़ा नृत्य रहा। समारोह में 65 पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। इस दौरान पूर्व सैनिक अधिकारियों ने कहा कि हमारी रेजिमेंट की चौथी बटालियन भारतीय सेना की सबसे पुरानी और गौरवशाली बटालियन है। कार्यक्रम के दौरान संगठन के उपाध्यक्ष सुबेदार मेजर प्रेम सिंह कंडारी, कोषाध्यक्ष सुबेदार मेजर विक्रम सिंह भंडारी, कप्तान बहादुर सिंह नगरकोटी, गोविंद सिंह रावल, सुबेदार मेजर उमेद गिरी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।