देहरादून से विशाखापत्तनम के लिए 5 दिवसीय प्रेस टूर रवाना
देहरादून से 11 सदस्यीय पत्रकारों का दल विशाखापत्तनम के प्रेस टूर पर रवाना हुआ। यह प्रेस टूर केंद्र सरकार की परियोजनाओं एवं विकास कार्यों को दिखाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। पत्रकार औद्योगिक विकास, बंदरगाह परियोजनाओं और सामाजिक कल्याण योजनाओं का दौरा करेंगे। यह मीडिया को सरकारी उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्रदान करेगा।

देहरादून। प्रेस इनफॉर्मेशन ब्यूरो देहरादून सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से उत्तराखंड के पत्रकारों का 11 सदस्यीय दल विशाखापत्तनम के प्रेस टूर के लिए सोमवार को देहरादून से रवाना हुआ। केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं एवं विकास कार्यों को नजदीक से दिखाने के उद्देश्य से पीआईबी देहरादून ने एक प्रेस टूर का आयोजन किया। प्रेस टूर में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के लगभग 11 पत्रकारों को विशाखापत्तनम ले जाया गया है। जहां वे केंद्र सरकार के प्रमुख उपलब्धियों का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे। यह प्रेस टूर पीआईबी की उस परंपरा का हिस्सा है जिसमें सरकारी नीतियों, कार्यक्रमों एवं विकास गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाते हैं।
विशाखापत्तनम में पत्रकार केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण कार्यों जैसे औद्योगिक विकास, बंदरगाह परियोजनाओं, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक कल्याण योजनाओं का दौरा करेंगे। प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर सहायक निदेशक, पीआईबी देहरादून संजीव सुंदरियाल ने कहा कि यह प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का माध्यम है। इससे न केवल मीडिया को सरकारी उपलब्धियों की गहन जानकारी मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय मुद्दों को राष्ट्रीय पटल पर रखने में भी सहायता मिलेगी। सहायक निदेशक सुंद्रियाल ने बताया कि आगामी दिनों में प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो द्वारा उत्तराखंड के पत्रकारों के लिए ऐसे प्रेस टूर आयोजित किए जाते रहेंगे। प्रेस टूर में पत्रकारों को विशाखापत्तनम में रक्षा प्रतिष्ठानों का भ्रमण कराया जाना है। जिसमें नौसेना डॉकयार्ड, पूर्वी नौसेना कमान के अधिकारियों के साथ चर्चा, आईएनएस कुरुसुरा पनडुब्बी संग्रहालय का भ्रमण कराया जाएगा। सामरिक औद्योगिक एवं शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण के अंतर्गत हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन, हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड, केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय आंध्र प्रदेश, कॉफी बोर्ड कार्यालय और अराकू घाटी एवं जनजातीय क्षेत्रों का भ्रमण भी किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



