डाक विभाग में नौकरी का झांसा देकर 27 लाख की ठगी

Jan 14, 2026 12:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देहरादून
share

देहरादून में डाक विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगों ने बेरोजगारों से लाखों रुपये ठग लिए। आरोप है कि ठगों ने फर्जी इंटरव्यू और नियुक्ति पत्र दिए। जब पैसे वापस मांगे गए, तो जान से मारने की धमकी दी गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

डाक विभाग में नौकरी का झांसा देकर 27 लाख की ठगी

देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता डाक विभाग (मिनिस्ट्री ऑफ कम्यूनिकेशन) में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर बेरोजगारों से लाखों रुपये ठग लिए गए। ठगों ने न केवल पैसे ऐंठे, बल्कि फर्जी इंटरव्यू कराए और जाली नियुक्ति पत्र भी थमा दिए। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कोर्ट के आदेश पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने बंजारावाला निवासी दंपति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ निवासी अमित सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह एक छात्र है। कुछ समय पहले उनकी माता को एक परिचित पवन सकलानी ने बताया कि देहरादून के दुर्गा एंक्लेव बंजारावाला निवासी गौरव कुमार, उसकी पत्नी अलका चौधरी और अंकुर वर्मा डाक विभाग में पैसे लेकर नौकरी लगवाते हैं।

विश्वास में आकर अमित ने अपनी और अपने दोस्तों ठाकुर सिंह व भूपेंद्र की नौकरी के लिए हामी भर दी। आरोप है कि गौरव कुमार और उसकी पत्नी अलका चौधरी ने प्रत्येक युवक से 12-12 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। अमित और उसके दोस्तों ने गूगल पे, बैंक ट्रांसफर और नकद के माध्यम से कुल 27 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। ठगों का दुस्साहस इतना बढ़ा हुआ था कि उन्होंने अभ्यर्थियों को भरोसे में लेने के लिए मिनिस्ट्री ऑफ कम्यूनिकेशन डिपार्टमेंट ऑफ पोस्ट के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार किए। 21 दिसंबर 2024 को इंटरव्यू के लिए फर्जी ईमेल भेजा गया। एचडीएफसी बैंक का 50 हजार रुपये का एक ड्राफ्ट बनवाया गया। अमित और उसके साथियों को इंटरव्यू के बहाने डाक भवन, दिल्ली (पटेल चौक) बुलाया गया। वहां उन्हें फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर, फर्जी आई-कार्ड और सिस्टम आईडी दी गई। जिन पर असिस्टेंट डायरेक्टर के. मोहन के फर्जी हस्ताक्षर और विभाग की जाली मुहर लगी थी। पीड़ितों ने कुछ समय बाद डाक विभाग में दिखाया तो इनके फर्जी होने का पता लगा। तब अमित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने अपना असली रंग दिखा दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पहुंच बड़े राजनेताओं तक है और यदि पुलिस में शिकायत की तो गायब करवा देंगे। पीड़ितों ने पुलिस में तहरीर दी। जिस पर केस दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद कोर्ट ने केस दर्ज कराने का आदेश दिया। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।