
हिमजन सभा के वार्षिकोत्सव में दिखी संस्कृति की झलक
विकासनगर के भोजावाला स्थित हिमजन भवन में हिमजन कल्याण सभा का वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया। विधायक मुन्ना चौहान ने संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक एकता पर जोर दिया। समारोह में हिमाचली नाटी और गिद्दा का प्रदर्शन हुआ, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने भाग लिया। अंत में, सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्रों को सम्मानित किया गया।
विकासनगर। भोजावाला स्थित हिमजन भवन में रविवार को हिमजन कल्याण सभा पछुवादून का वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया। समारोह में हिमाचली नाटी के माध्यम से लोक संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी गई। मुख्य अतिथि विधायक मुन्ना चौहान ने कहा कि स्थानीय सामाजिक संगठन संस्कृति के संरक्षण के साथ ही सामाजिक एकता बनाए रखने में भी सहायक होते हैं। विधायक ने कहा कि कोई भी संगठन अपने मूल संस्कृति को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। संस्कृति के संरक्षण से युवाओं में संस्कार पैदा होते हैं, जो उन्हें जिम्मेदार नागरिक के तौर पर तैयार करते हैं। साथ ही सामाजिक संगठन समाज में फैली कुरीतियों को दूर कर सामाजिक एकता को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण साबित होते हैं।
उन्होंने युवाओं को अपनी संस्कृति व रीति-रिवाजों का संरक्षण करने को प्रेरित करते हुए कहा कि पाश्चात्य संस्कृति में भौतिकतावाद समाहित है। जबकि, भारतीय संस्कृति व भारत के अलग-अलग समुदायों की स्थानीय संस्कृति में शांति, अध्यात्म व सद्भावना की भावना निहित है। समारोह में महासभा की अलग-अलग उप सभाओं से आए कलाकारों ने पारंपरिक नाटी व गिद्दा की प्रस्तुति के माध्यम से हिमाचली संस्कृति की झलक दिखाई। जबकि, जौनसारी, गढ़वाली संस्कृति से रूबरू कराती हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। इसके साथ ही कई शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं और उप सभाओं के नौनिहालों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दी। समारोह के अंत में सामाजिक कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों व शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मंच संचालन गौरव ठाकुर ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक कुलदीप कुमार, महासभा की अध्यक्ष मधु ठाकुर, महासचिव राकेश कुमार गुलेरिया, भूमि सिंह, विपुल जैन, रूमीराम जसवाल, देशराज गुलेरिया, मोहित शर्मा, सुनीता गुलेरिया, भूपेंद्र सिंह डोगरा, बलदेव राणा आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




