Dehradun News: मसूरी में भारी बारिश से सड़कों पर जलभराव, जेपी बैंड के पास मलबे से मार्ग बाधित
Dehradun News: मसूरी में दोपहर बारिश के कारण संपर्क मार्गों और माल रोड पर जल भराव की वजह से लोगों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जेपी बैंड के पास मलबा आने से यातायात बाधित हुआ, जबकि लोक निर्माण विभाग ने मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। स्थानीय निवासियों ने कार्रवाई नहीं होने पर उग्र धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।

Dehradun News: मसूरी, वरिष्ठ संवाददाता। पर्यटन नगरी मसूरी में दोपहर बारिश के कारण संपर्क मार्गों व मुख्य मार्ग वह माल रोड पर जल भराव हो गया। पैदल चलने वालों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। माल रोड पर पानी भरने से पर्यटकों को भी भारी परेशानी हुई।।पर्यटन नगरी मसूरी में दोपहर दो बजे तेज बारिश के बाद जगह जगह पानी भर गया। मसूरी-देहरादून मार्ग पर जेपी बैंड के समीप भारी मात्रा में मलबा आने से यातायात कुछ देर के लिए बाधित हो गया। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की जेसीबी ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार जेपी बैंड के पास नाले के ऊपर जेसीबी से पहाड़ की खुदाई की जा रही है, जिसका मलबा बहकर सीधे मुख्य सड़क पर आ रहा है। आरोप है कि नगर पालिका, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग द्वारा संबंधित भू-स्वामी के खिलाफ कार्रवाई न करने से पर्यटकों व स्थानीय निवासियों को परेशान होना पड़ रहा है। पूर्व में भी मलबा स्टाफ रूम तक पहुंच गया था। स्थानीय निवासी राकेश सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि मलबा नाले में डालने वालों पर शीघ्र सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।


