
5 लाख न देने पर विवाहिता को प्रताड़ित, केस दर्ज
संक्षेप: हरिद्वार की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज में पांच लाख रुपए की मांग और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। विवाहिता ने कहा कि पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और तलाक देकर दूसरी शादी की...
हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति व ससुराल वालों पर दहेज में पांच लाख रुपए की मांग और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि मना करने पर पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और तलाक देकर दूसरी शादी करने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। श्यामपुर कांगड़ी निवासी साईस्ता ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह 2 अक्तूबर 2021 को नफीस निवासी हरियावाला, कोतवाली देहात (बिजनौर) से हुआ था। पिता ने शादी में सोने-चांदी के गहने, फर्नीचर और बाइक सहित दहेज का पूरा इंतजाम किया था।
लेकिन कुछ ही महीनों बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि पति नफीस, ससुर वरीस, देवर जरीफ, जरीस, सास नन्ही और ननद नाजमीन व आसमीन छोटी-छोटी बातों पर ताने देने लगे। सभी लोग कारोबारी काम के बहाने पांच लाख रुपए की मांग करने लगे। मना करने पर उसे गालियां दी गईं और मानसिक रूप से परेशान किया जाने लगा। विवाहिता ने बताया कि इसी साल ईद-उल-फितर के कुछ दिन बाद पति ने उसके साथ मारपीट की और अचेत हालत में उसे मायके के बाहर छोड़कर चला गया। इसके बाद तीन महीने तक नफीस की कोई खबर नहीं आई। आरोप है कि उसके फुफेरे ससुर कय्यूम ने ससुराल वालों को कहा था कि रात में कमरे में आग लगाकर इसका काम तमाम कर दो। थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि साईस्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




