दूध कारोबारी के साथ मारपीट में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा

Dec 17, 2025 02:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देहरादून
share Share
Follow Us on

हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में दूध कारोबारी रिहान के साथ हुई मारपीट का मामला सामने आया है। रिहान को 30 अगस्त को अज्ञात आरोपियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। चार महीने बाद, अदालत के आदेश पर पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है।

दूध कारोबारी के साथ मारपीट में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में दूध कारोबारी के साथ हुई मारपीट के मामले में अदालत के आदेश पर पुलिस ने पांच नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज किया है। घटना के चार माह बाद दर्ज हुई एफआईआर के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पांवधोई बड़ी सड़क निवासी इश्तयाक पुत्र इशाक ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके भतीजे रिहान पुत्र इकबाल दूध सप्लाई का काम करते हैं। 30 अगस्त की रात करीब साढ़े दस बजे रिहान अपने चचेरे भाई अनस के साथ मोटरसाइकिल से दूध लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पांवधोई क्षेत्र की एक गली में परवेज, उस्मान, रईयान, सादिर और उनके साथ मौजूद पांच अन्य लोगों ने रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर परवेज ने जान से मारने की धमकी देते हुए रिहान का गला दबा दिया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने सरिया और लाठी-डंडों से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। आसपास के लोगों के आने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। गंभीर हालत में रिहान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में कई टांके लगे। पुलिस में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली गई। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;