
शारदीय कांवड़ यात्रा को लेकर हरिद्वार में कांवड़ियों की भीड़
हरिद्वार में शारदीय कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ से जाम लग गया। पुलिस ने ट्रैफिक प्लान लागू किया है, जिसमें शहर में भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। श्रद्धालु हरकी पैड़ी पर भगवान शिव की पूजा कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
हरिद्वार। शारदीय कांवड़ यात्रा को लेकर हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ने पर हाईवे पर जाम लगा। इसके साथ ही पुलिस की ओर से ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया है। इसके तहत मेला समाप्त होने तक अब शहर के अंदर भारी वाहन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। अगले दिनों में आने वाले डाक कांवड़ वाहन अब गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में पार्क कराए जा रहे हैं। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने अधीनस्थों को किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। शहर में इन दिनों शारदीय कांवड़ यात्रा की धूम है। लगातार कांवड़ियों का सैलाब उमड़ रहा है।
शारदीय कांवड़ यात्रा में मुरादाबाद, बिजनौर, बरेली, चंदोसी से लेकर कई जिलों के कांवड़ियों की आमद के बाद मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद से लेकर आस पास के कई जिलों के कांवड़िएं पहुंच रहे हैं। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर शिवालयों में जलाभिषेक होना है। लिहाजा कांवड़ियों की लगातार आमद के चलते हाईवे से सटी पंतद्वीप, चमगादड़ टापू, लालजीवाला पार्किंग फुल होने लगी हैं। हरकी पैड़ी पर कांवड़ियों की भीड़ उमड़ पड़ी है। श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने के लिए हरकी पैड़ी पर पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर बाजारों में विशेष रौनक है। व्यापारी अपनी दुकानों पर विशेष सजावट कर रहे हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर हरकी पैड़ी पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी यहां पर तैनात हैं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




