नई उड़ान भारत फाउंडेशन ने किन्नर समाज के साथ मनाई होली
हरिद्वार में नई उड़ान भारत फाउंडेशन ने होली को सामाजिक समरसता, स्वच्छता और नशामुक्ति के संदेश के साथ मनाया। किन्नर समाज के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां महिलाओं ने सम्मानित किया। इसके बाद जूट के बैग वितरित कर पॉलिथीन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में इस बार होली का एक अलग ही रंग देखने को मिला है। होली के हुड़दंग से दूर नई उड़ान भारत फाउंडेशन ने होली को सामाजिक समरसता, स्वच्छता और नशामुक्ति के संदेश के साथ मनाकर एक मिसाल पेश की। फाउंडेशन की ओर से किन्नर समाज के साथ होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया। हरिद्वार नगर निगम की स्वच्छता की ब्रांड एंबेसडर सोनिया बुआ को आमंत्रित किया। शहर के निजी होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में फूलों और गुलाल से होली खेली गई। कार्यक्रम में नई उड़ान भारत फाउंडेशन की महिलाओं ने किन्नर समाज के सदस्यों को सम्मानित किया। इस दौरान सभी ने एक दूसरे के अनुभव साझा किए और समाज में समानता, स्वीकार्यता और आपसी प्रेम को मजबूत करने की बात कही।
होली मिलन कार्यक्रम के बाद किन्नर समाज और फाउंडेशन से जुड़ी महिलाएं रानीपुर मोड़ और आसपास के बाजारों में पहुंचीं। वहां उन्होंने दुकानदारों और राहगीरों को जूट के बैग वितरित किए और पॉलिथीन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। लोगों ने भी पॉलिथीन का कम इस्तेमाल करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन की अध्यक्ष विनीता गोनियाल, विभा गर्ग, गार्गी, अनिता शर्मा, कुणाल, रमा मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



