विकास के साथ विरासत के मंत्र से बनेगा विकसित उत्तराखंड: राज्यपाल

Nov 08, 2025 04:51 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देहरादून
share Share
Follow Us on

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने उत्तराखंड की स्थापना की रजत जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य के 25 साल के विकास को गौरवशाली यात्रा बताया और युवाओं की क्षमताओं की सराहना की। राज्य ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, और अगले 25 वर्षों में इसे देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लिया।

विकास के साथ विरासत के मंत्र से बनेगा विकसित उत्तराखंड: राज्यपाल

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) ने राज्य स्थापना के रजत जयंती की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विकास के साथ विरासत के मंत्र से विकसित उत्तराखंड का सपना पूरा होगा। उन्होंने राज्य के 25 साल के सफर को गौरवशाली विकास यात्रा करार देते हुए कहा कि यह यात्रा संकल्प, परिश्रम और सफलता की रही है। राज्यपाल ने सभी अमर शहीदों, आंदोलनकारियों और जननायकों को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि संभावनाओं और सामर्थ्य से ओत-प्रोत युवा उत्तराखण्ड ने राज्य गठन से लेकर अब तक विकास की नित नई ऊंचाइयां छुई हैं। इन 25 सालों में निरंतर प्रगति करते हुए उत्तराखंड जन-भागीदारी और सुशासन का सशक्त उदाहरण बना है।

राज्य ने इस विकास यात्रा में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए। जी-20 समिट, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन, विश्व आयुर्वेद कांग्रेस और राष्ट्रीय खेलों जैसे आयोजनों से हमारी सशक्त पहचान बनाई है। शीतकालीन यात्रा, होम-स्टे योजना, वाइब्रेंट विलेज प्रोजेक्ट, स्वयं सहायता समूह और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े कार्यक्रम विकास को नई ऊर्जा दे रहे हैं। शांतिपूर्ण माहौल और अच्छी कानून व्यवस्था ने पर्यटन और निवेश को प्रोत्साहन दिया है। राज्यपाल ने कहा कि यह राज्य संस्कृति और आधुनिकता का अनोखा संगम है। आधुनिक विकास की राह में आगे बढ़ते हुए हमें अपनी संस्कृति और परंपरा की जड़ों से भी अवश्य जुड़े रहना चाहिए। आज इस डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताएं होनी चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड को अगले 25 सालों में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प भी स्थापना दिवस पर लेने की अपील राज्यवासियों से की है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।