
आजाद हिंद फौज के नायक वीर शहीद केसरी चंद को किया याद
संक्षेप: देहरादून में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वीर शहीद केसरी चंद की 106वीं जयंती पर कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और कहा कि केसरी चंद का बलिदान हमेशा याद रहेगा। केसरी चंद का जन्म 1920 में हुआ और उन्हें 1945 में फांसी दी गई थी।
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को गांधी पार्क में आजाद हिंद फौज के महानायक वीर शहीद केसरी चंद की 106 वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मंत्री जोशी ने वीर केसरी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि आजादी के महानायक और उत्तराखंड के लाल, शहीद केसरी चंद का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। बहुत कम उम्र में उन्होंने देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति दी। देहरादून जनपद के जौनसार-बावर क्षेत्र के क्यावा गांव में 01 नवम्बर 1920 को वीर केसरी चंद का जन्म हुआ था।

आजाद हिंद फौज की ओर से लड़ते हुए वीर केसरी चंद को ब्रिटिश सेना ने गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें ब्रिटिश शासन के विरुद्ध युद्ध करने के आरोप में आर्मी एक्ट की धारा 41 के तहत 03 फरवरी 1945 को मृत्यु दंड की सजा सुनाई गई और 3 मई 1945 को मात्र 24 वर्ष 6 माह की आयु में फांसी पर लटका दिया गया। मंत्री जोशी ने कहा कि वीर केसरी चंद की शौर्यगाथा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। 1962 और 1971 के युद्ध से लेकर गलवान घाटी और ताज होटल पर हुए आतंकी हमले तक, उत्तराखंड के वीर सपूतों ने हमेशा अपनी जान की बाजी लगाकर मातृभूमि की रक्षा की है। वीर केसरी चंद जैसे महानायकों का बलिदान सदा राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर अमित पांडे, राजेश चौहान, अमित जोशी, जयवीर चौहान, सतपाल चौहान, रविंद्र भंडारी, सरदार चौहान सहित कई लोग उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




