Dehradun News: गांधी के विचारों से सामाजिक समरसता को मजबूती देने का संदेश
Dehradun News: महिला महाविद्यालय पीजी कॉलेज सतीकुंड कनखल में गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने महात्मा गांधी के विचारों और सामाजिक समरसता के महत्व पर चर्चा की। छात्रों ने उनके सिद्धांतों और पुस्तकों के माध्यम से अपने विचार साझा किए।
Dehradun News: हरिद्वार। महिला महाविद्यालय पीजी कॉलेज सतीकुंड कनखल के एमए राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के उपलक्ष्य में विचार संगोष्ठी आयोजित की गई। ‘सामाजिक समरसता में महात्मा गांधी का योगदान’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने गांधी के विचारों को वर्तमान सामाजिक परिवेश में प्रासंगिक बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम का संचालन
संगीत विभाग की ओर से संगीतमय श्रद्धांजलि प्रस्तुत की गई। इसके बाद एमए राजनीति विज्ञान की छात्राओं ने विषय पर अपने विचार रखे। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराधा पांडे ने गांधी के विचारों और सामाजिक समरसता के बीच संबंध पर प्रकाश डाला। प्राचार्य डॉ. शशि प्रभा तोमर ने गांधी के जीवन के विभिन्न आयामों और उनके सिद्धांतों की चर्चा की। मुख्य वक्ता मरगूबपुर गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. तीरथ प्रकाश ने गांधी के विचार ‘सद्गुण ही ज्ञान है’ को केंद्र में रखते हुए हथकरघा उद्योग और व्यक्तिगत कौशल के महत्व पर विस्तार से विचार रखे।
महिला सशक्तीकरण
श्री शीशराम मेमोरियल ट्रस्ट के चीफ एग्जीक्यूटिव डॉ. अशोक शास्त्री ने सामाजिक समरसता को महिला सशक्तीकरण से जोड़ते हुए अपने विचार रखे। एमसीएस बाल विद्यापीठ की निदेशक डॉ. विशाखा कुमार ने गांधी की पुस्तकों ‘नई तालीम’ और ‘हिंद स्वराज’ के माध्यम से छात्राओं को उनके विचारों से परिचित कराया। महाविद्यालय की डायरेक्टर डॉ. अल्पना शर्मा ने अतिथियों, शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन एमए राजनीति विज्ञान विभाग की अध्यापिका गरिमा जैन ने किया। इस दौरान वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी गुप्ता, संगीत विभागाध्यक्ष मोनिका शर्मा, डॉ. श्वेता शरण सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

