
फर्जी दस्तावेज जमा कर दो बाइक लेकर हरियाणा के युवक फरार
देहरादून में हरियाणा के दो आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए बुलेट बाइक किराए पर लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों द्वारा दिए गए आधार...
देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता। फर्जी दस्तावेज जमा कर हरियाणा निवासी दो आरोपी दून से दो बुलेट बाइक लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और फोन नंबर देकर शहर कोतवाली क्षेत्र के कारोबारी से बाइकें लीं। पीड़ित की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविंद्र कुमार मल्होत्रा निवासी राजीव कॉलोनी, गोविंदगढ़ दुपहिया किराए पर देने का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 अगस्त को हरियाणा के मोहिंदरगढ़ निवासी उमेश सिवन ने उनसे बुलेट किराये पर ली। उमेश ने पता हाउस नंबर 4252, वार्ड नंबर 8, निकट शिव डेयरी, मोहिंदरगढ़, हरियाणा बताया।

मल्होत्रा के साझेदार करण सदाना निवासी मन्नूगंज हकीकत रायनगर देहरादून से 24 अगस्त को हरियाणा के नरनौल निवासी गीतेश यादव बुलेट किराए पर ली। गीतेश ने पता हाउस नंबर 252, वार्ड नंबर 8, निकट अग्रवाल स्वीट्स, नरनौल, हरियाणा बताया था। पीड़ितों ने बताया कि दोनों युवक आज तक बाइकें लौटाने नहीं आए। इसके बाद जांच की। पता लगा कि आरोपियों के दिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और फोन नंबर फर्जी हैं। मल्होत्रा ने चिंता जताई कि आरोपी बाइकों का दुरुपयोग कर सकते हैं और किसी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी उनकी होगी। शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि शिकायत पर सोमवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


