राजभवन में मनाया 13 राज्यों का स्थापना दिवस समारोह
आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु़, केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, पुड्डुचेरी, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और...

देहरादून। राजभवन में बुधवार को 13 विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान इन राज्यों के उत्तराखंड में निवास कर रहे लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी।
इसमें आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु़, केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, पुड्डुचेरी, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप शामिल हैं। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने इस मौके पर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों को स्थापना दिवस की बधाई दी।
उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों के स्थापना दिवस मनाने से सामाजिक एकीकरण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलता है। राज्यपाल ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत के विचार से प्रेरित यह कार्यक्रम भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम कला, संगीत, नृत्य, भोजन, खेल आदि जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक दूसरे के साथ जोड़ रहा है। कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन सहित राजभवन के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
