Dehradun News: खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिधौली में यूनिवर्सिटी में पनीर के सैंपल भरे
Dehradun News: देहरादून के बिधौली स्थित एक यूनिवर्सिटी के मेस और कैफेटेरिया का खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने साफ-सफाई और खाद्य मानकों की जांच की तथा पनीर, पकी दाल और बेकरी उत्पादों के नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। निरीक्षण के दौरान कैटरर ने आवश्यक लाइसेंस और सुरक्षा संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए।

Dehradun News: देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिधौली स्थित यूनिवर्सिटी के मेस और कैफेटेरिया का निरीक्षण कर पनीर समेत अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे हैं। सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे।शुक्रवार को आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडे के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग देहात (देहरादून) की टीम ने बिधैली स्थित यूनिवर्सिटी के कैफेटेरिया और मेस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मेस और कैफेटेरिया की साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था तथा खाद्य मानकों का गहनता से जायजा लिया। मौके पर कैटरर द्वारा खाद्य लाइसेंस, वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट तथा प्रोडक्ट टेस्टिंग रिपोर्ट आदि आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।
खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा टीम ने संदेह के आधार पर मेस से पनीर, पकी हुई दाल और बेकरी वस्तुओं के नमूने एकत्र किए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (विकासनगर) संजय तिवारी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (ऋषिकेश) संतोष कुमार सिंह मुख्य रूप से शामिल रहे।

