Dehradun News: मलेथा, कीर्तिनगर, देवप्रयाग एवं चौरास में खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण
Dehradun News: नई टिहरी में त्यौहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य संरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। 12 खाद्य पदार्थों के नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए। निरीक्षण मलेथा, कीर्तिनगर, देवप्रयाग और चौरास में किया गया। अभियान का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
Dehradun News: नई टिहरी। त्यौहारी सीजन को देखते हुए खाद्य संरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग का टीम के साथ रविवार को खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी व निरीक्षण का अभियान जारी रहा। रविवार को मलेथा, कीर्तिनगर, देवप्रयाग एवं चौरास में खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर 12 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए लैब भेजे गये। जिला प्रशासन के निर्देशन में चलाये गये अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पूर्ति विभाग एवं जिला प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से मलेथा एवं कीर्तिनगर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान ने देवप्रयाग एवं चौरास क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट एवं परचूनी दुकानों का निरीक्षण किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत नें बताया कि जांच के दौरान कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। इनमें बेकरी का 1, तेल के 2, मिठाई के 2, अनाज उत्पाद के 2, दूध का 1, पनीर का 1 तथा नमकीन के 3 नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अभियान के दौरान राजस्व निरीक्षक राय सिंह, जगदीश गैरोला, पूर्ति विभाग के ललित मोहन कठैत उपस्थित रहे।


