ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड देहरादूनसुविधा : अब मालदेवता से लेकर सहसपुर लांघा रोड तक कीजिए स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसों में सफर

सुविधा : अब मालदेवता से लेकर सहसपुर लांघा रोड तक कीजिए स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसों में सफर

देहरादून। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत संचालित इलेक्ट्रिक बसों का संचालन अब मालदवेता से सहसपुर (लांघा रोड) तक होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इस...

सुविधा : अब मालदेवता से लेकर सहसपुर लांघा रोड तक कीजिए स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसों में सफर
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,देहरादूनMon, 05 Dec 2022 12:46 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

देहरादून। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत संचालित इलेक्ट्रिक बसों का संचालन अब मालदवेता से सहसपुर (लांघा रोड) तक होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इस रूट का विस्तार किया गया है। जबकि अब सेलाकुई की ओर जाने वाली बसों की आवाजाही जीएमएस रोड से होते हुए होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कैंप कार्यालय से दस नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान उन्होंने स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों से इलेक्ट्रिक बसों को लेकर विस्तार से जानकारी ली। साथ ही बसों के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। वहीं स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 20 बसों का संचालन दून के चार रूटों आईएसबीटी से राजपुर, आईएसबीटी से रायपुर- सेलाकुई, आईएसबीटी से सहस्त्रधारा और आईएसबीटी से एयरपोर्ट तक पहले से ही संचालन किया जा रहा है। इन रूटों पर साढ़े बारह लाख से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए आईएसबीटी से रायपुर रूट का विस्तार मालदेवता तक किया गया है। आईएसबीटी से सेलाकुई के बीच चल रही बसें अब सहसपुर (लांघा रोड) तक चलेंगी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक सविता कपूर, सुरेश गड़िया आदि मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने टिकट लेकर स्मार्ट इलेक्ट्रिक बस में किया सफर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इलेक्ट्रिक बस में टिकट लेकर स्मार्ट बस में सफर किया। वह कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों के साथ कैंप कार्यालय से बस में बैठे और घंटाघर में उतरे। इस दौरान यात्री सीएम के साथ सफर करने को लेकर उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री ने सीईओ स्मार्ट सिटी सोनिका को निर्देश दिए कि इलेक्ट्रिक बसों के आने जाने की समय को लेकर आम जनता को होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत अब विभिन्न रूटों पर तीस इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होने से जनता को सुविधा मिलेगा। साथ ही बसों के संचालन से पर्यावरण प्रदुषण को कम करने में मदद मिलेगी। वहीं कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी समेत समस्त जनप्रतिनिधियों ने भी टिकट लेकर इलेक्ट्रिक बस में सफर किया।

स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसों में दान करें सर्दियों के कपड़े
सीईओ स्मार्ट सिटी सोनिका ने इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के लिए सर्दियों के कपड़े दान करने की पहल की है। सीएम ने इस पहल की सराहना की व स्वयं कपड़े दान भी किए। एकत्रित कपड़ों को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि जल्द सभी बसों में बॉक्स लगवाए जाएंगे।

वेबसाइट पर उपलब्ध होगा रूट चार्ट
स्मार्ट सिटी लिमिटेड की समस्त बसों का रूट चार्ट स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अलावा नगर निगम और अन्य सरकारी विभागों की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगा। ताकि यात्रियों को एक क्लिक में पूरी जानकारी मिल सके। इसके अलावा बसों के संचालन का प्रचार प्रसार किया जाएगा।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें