शिक्षकों को सिखा रहे रसायन विज्ञान की बारीकियां
डीएसटी पर्स योजना के अंतर्गत शुक्रवार को दून विवि में राज्य के लगभग 100 रसायन विज्ञान शिक्षकों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर विवि की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल और सीबीएसई के क्षेत्रीय...

डीएसटी पर्स योजना की वैज्ञानिक सामाजिक जिम्मेदारी के तहत शुक्रवार को दून विवि में राज्य भर के स्कूलों के रसायन विज्ञान शिक्षकों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें उनको रसायन विज्ञान की बारीकियां सिखाई गई। कार्यशाला में उत्तराखंड के विद्यालयों के लगभग 100 रसायन विज्ञान शिक्षकों ने भाग लिया। इसका उद्घाटन विवि की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल और सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी मनीष अग्रवाल ने किया। भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) पुणे की प्रधान तकनीकी अधिकारी डॉ. नीरजा देशपुत्रे इसमें मुख्य प्रशिक्षक थीं।
इस दौरान प्रो. सुरेखा डंगवाल ने बताया कि पर्स (प्रमोशन ऑफ यूनिवर्सिटी रिसर्च एंड साइंटिफिक एक्सीलेंस) भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) का एक प्रमुख कार्यक्रम है। बताया कि उत्तराखंड राज्य में एकमात्र दून विश्वविद्यालय है जिसे पर्स के तहत समर्थन के लिए डीएसटी की ओर से चयनित किया गया।
मनीष अग्रवाल ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं स्कूली शिक्षकों के लिए काफी फायदेमंद होती हैं। उन्होंने इस तरह की पहल और उत्तराखंड के स्कूलों को जोड़ने के लिए दून विश्वविद्यालय की सराहना की।


