
घबराएं नहीं। कल मॉक ड्रिल होगी, इमरजेंसी सायरन भी बजाए जाएंगे
संक्षेप: फोटो...-देहरादून में भूकंप मॉकड्रिलः आपदा से निपटने को जिला प्रशासन परखेगा अपनी तैयारी -मॉक ड्रिल
प्रशासन ने भूकंप की संभावित आपदा से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। जिले में 15 नवंबर को सुबह 9:30 बजे से सुबह 10 बजे तक अलग-अलग स्थानों पर व्यापक मॉक ड्रिल होगी। मॉक ड्रिल को लेकर सभी एजेंसियों के साथ टेबल टॉप एक्सरसाइज की गई। जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और राहत कार्यो की दक्षता को परखना है। मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप आने की काल्पनिक स्थिति तैयार की जाएगी। ड्रिल के दौरान राहत एवं बचाव कार्यो का प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि वास्तविक आपदा के दौरान बेहतर समन्वय और कम से कम रिस्पांस टाइम में राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया जा सके।

डीएम बंसल ने बताया कि इस अभ्यास में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन दल, पीआरडी, डीडीआरएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ सहित जिले की तमाम एजेंसियां भाग लेंगी। सिविल डिफेंस सिस्टम को परखने के लिए इमरजेंसी सायरन भी बजाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि 15 नवंबर को इमरजेंसी सायरन की तेज आवाज सुनाई देने पर घबराए नहीं। इस दिन मॉक अभ्यास के लिए सायरन बजाए जाएंगे। जिले में एक साथ 10 स्थानों पर आपदा राहत एवं बचाव को लेकर मॉक अभ्यास होगा। तहसील सदर के अंतर्गत 06 प्रमुख स्थान कोरोनेशन अस्पताल, महाराणा प्रताप स्टेडियम, आईएसबीटी, विद्युत उप केंद्र आराघर, जल संस्थान खंड दिलाराम चौक तथा पैसिफिक मॉल के आसपास मॉक अभ्यास किया जाएगा। कालसी के अंतर्गत पाटा गांव एवं राइका कस्तूरबा गांधी में अभ्यास किया जाएगा। विकास नगर में औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई तथा ऋषिकेश में टीएचडीसी के पास मॉक अभ्यास किया जाएगा। लोगों को भूकंप आपदा में सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




