कांडी गांव की बेटियों ने काली माता मंदिर में श्रद्धापूर्वक चढ़ाया चांदी का छत्र
जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर में ज्येष्ठ माह के अवसर पर काली माता मंदिरों में पूजा-अर्चना हो रही है। कालसी ब्लॉक के कांडी गांव की बेटियों ने चांदी का छत्र अर्पित कर आस्था का प्रदर्शन किया। छत्र को पवित्र स्नान कराने के बाद शोभायात्रा निकाली गई और श्रद्धापूर्वक मंदिर में स्थापित किया गया।

साहिया। जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर में इन दिनों देवी-देवताओं के प्रति श्रद्धा और आस्था का विशेष माहौल बना हुआ है। ज्येष्ठ माह के पावन अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न काली माता मंदिरों में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कालसी ब्लॉक के ग्राम पंचायत रूपऊ स्थित कांडी गांव की बेटियों और ग्रामीणों ने काली माता मंदिर में चांदी का छत्र अर्पित कर अपनी आस्था का परिचय दिया। धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ हुई। मंदिर में स्थापित करने से पहले चांदी के छत्र को हरिपुर स्थित यमुना घाट ले जाकर पवित्र स्नान कराया गया। इसके बाद गांव की विवाहित और अविवाहित बेटियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और जयकारों के बीच छत्र को सिर पर धारण कर गांव तक भव्य शोभायात्रा निकाली।
गांव पहुंचने पर श्रद्धापूर्वक चांदी के छत्र को काली माता मंदिर में स्थापित किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में भाग लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि देवी-देवताओं को अर्पित किए जाने वाले ऐसे धार्मिक प्रतीक न केवल आस्था का केंद्र हैं, बल्कि क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


