डेंगू नियंत्रण में ढिलाई नहीं होगी बर्दाश्त: सीडीओ
पौड़ी जनपद में डेंगू के खतरे को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक की। बैठक में डेंगू रोकथाम के लिए फॉगिंग, सफाई और जनजागरुकता की गतिविधियों की निगरानी की गई। उन्होंने उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता और जलभराव को रोकने के निर्देश दिए।

पौड़ी। जनपद में डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में डेंगू रोकथाम के लिए संचालित गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित फॉगिंग सुनिश्चित करने, साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने व व्यापक जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने नगर पालिका पौड़ी, नगर निगम श्रीनगर, कोटद्वार व लक्ष्मणझूला जैसे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने संबंधित निकायों को फॉगिंग मशीनों को पूर्णतः क्रियाशील बनाए रखने, निर्धारित अंतराल पर फॉगिंग कराने और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में सड़कों के गड्ढों एवं अन्य स्थानों पर जलभराव होने से मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में संबंधित विभाग समयबद्ध रूप से गड्ढों को भरने और जलभराव रोकने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि मई माह से अब तक जनपद में 49,772 घरों में सोर्स रिडक्शन अभियान संचालित किया जा चुका है, जिसके तहत 2,87,449 लोगों तक पहुंच बनायी गयी है। उन्होंने बताया कि मई माह के दौरान डेंगू की संभावनाओं को देखते हुए 2,146 व्यक्तियों के रैपिड एवं एलाइजा टेस्ट कराए गए, जिनकी सभी रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


