
ज्वालापुर को कुंभ क्षेत्र में शामिल किया जाए, वरिष्ठ नागरिक संगठन ने उठाई मांग
हरिद्वार में वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन की बैठक में ज्वालापुर क्षेत्र को कुंभ क्षेत्र में शामिल करने की मांग उठी। सदस्यों ने मुख्यमंत्री की घोषणा की सराहना की, लेकिन ज्वालापुर को बाहर रखने पर नाराजगी जताई। संगठन ने लोकायुक्त की शीघ्र नियुक्ति और चीनी मांझे पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की।
हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन हरिद्वार की बैठक में ज्वालापुर क्षेत्र को कुंभ क्षेत्र में शामिल किए जाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। बैठक की शुरुआत सदस्यों के जन्मदिवस पर बधाई और शुभकामनाओं के साथ हुई, जिसके बाद संगठन ने क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण जनहित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। संगठन ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अर्धकुंभ को दिव्य और भव्य बनाने तथा उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने की घोषणा सराहनीय है, लेकिन ज्वालापुर को कुंभ क्षेत्र से बाहर रखने पर क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश है। सदस्यों ने इसे ज्वालापुर के विकास के साथ अन्याय बताया और मांग की कि क्षेत्र को कुंभ क्षेत्र में शामिल कर यहां भी समान रूप से विकास कार्य कराए जाएं।

बैठक में राज्य सरकार से लोकायुक्त की शीघ्र नियुक्ति की भी जोरदार मांग उठी। सदस्यों ने कहा कि नैनीताल हाईकोर्ट ने भी कई बार सरकार को लोकायुक्त नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन अब तक कार्रवाई न होने से आम जनता परेशान है। सदस्यों ने कहा कि प्रशासन लगातार इसके दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता चला रहा है और व्यापारियों पर कार्रवाई भी की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद चीनी मांझे से पक्षियों और राहगीरों के घायल होने की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। इसलिए जिले में इसे पूरी तरह प्रतिबंधित करने की आवश्यकता है। बैठक में महेंद्र शर्मा, शिवकुमार शर्मा, सुभाष चन्द्र ग्रोवर, सुरेन्द्र शर्मा, शशि भूषण सक्सेना, ताराचंद, जेपी चाहर, द्वारका दास, हरगुलाल सिंह, गुलाब राय, गिरधारी लाल, अरुण सिंह सहित कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता संगठन अध्यक्ष चौचरण सिंह ने की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




