वृद्धावस्था पेंशन फर्जीवाड़े पर सख्त कार्रवाई की मांग
विकासनगर में जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने वृद्धावस्था पेंशन में हो रहे फर्जीवाड़े के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जनप्रतिनिधि नियमों का उल्लंघन कर पेंशन का गलत लाभ उठा रहे हैं। नेगी ने पूरे प्रदेश में अभियान चलाने की बात कही है।

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने वृद्धावस्था पेंशन में हो रहे फर्जीवाड़े को लेकर प्रदेश सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि देहरादून जनपद के एक गांव में हाल ही में फर्जी तरीके से अधिक उम्र दर्शाकर पेंशन लेने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, उसी तर्ज पर पूरे प्रदेश में सघन अभियान चलाया जाना चाहिए। नेगी ने कहा कि इस तरह के मामलों में केवल लाभार्थियों पर ही नहीं, बल्कि संस्तुति करने वाले जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाए।
साथ ही फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ली गई पेंशन की रिकवरी भी दोनों पक्षों से की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि ऐसे जनप्रतिनिधियों पर भविष्य में चुनाव लड़ने पर स्थायी रोक लगाई जाए।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जनप्रतिनिधि वोट बैंक बढ़ाने के चक्कर में नियमों के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं, जिससे सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग हो रहा है। नेगी ने आशंका जताई कि अकेले देहरादून जनपद में 1000 से अधिक लोग 50-55 वर्ष की उम्र में ही फर्जी तरीके से वृद्धावस्था पेंशन का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार पूरे प्रदेश में सघन अभियान चलाती है तो हजारों की संख्या में ऐसे फर्जी लाभार्थी, दलाल, जनप्रतिनिधि और अधिकारी कार्रवाई के दायरे में आएंगे। साथ ही इनसे वसूली सुनिश्चित करने के लिए भी कड़े निर्देश जारी किए जाने चाहिए। पत्रकार वार्ता में दिलबाग सिंह और प्रवीण शर्मा पिन्नी भी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


