
डीपीएस में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज, झलका देशप्रेम
देहरादून। वरिष्ठ संवाददाता दिल्ली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ के 150
दिल्ली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रीय भावना, एकता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया। देशभक्ति से ओतप्रोत स्वरों की अनुगूंज ने विद्यालय प्रांगण को पावन ऊर्जा से भर दिया। एनसीसी कैडेटों ने निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण और ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन जैसी गतिविधियों में अपनी प्रतिभा और देशप्रेम का शानदार प्रदर्शन किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में छात्रों ने ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इसकी प्रेरणादायक भूमिका पर अपने विचार रखे। छात्रों ने बताया कि कैसे यह गीत न केवल स्वतंत्रता सेनानियों की आवाज बना,. बल्कि आज भी भारत की आत्मा का प्रतीक है।
पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता के माध्यम से भारत की एकता, विविधता और गौरवमयी संस्कृति को चित्रों के जरिये साकार किया। कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक क्षण ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन रहा। छात्रों की एक स्वर में गूंजती आवाज़ों ने वातावरण देशप्रेम से भर दिया। प्रधानाचार्य बीके सिंह ने एनसीसी कैडेटों और मार्गदर्शक शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय गर्व की भावना को सशक्त बनाते हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




