बोले देहरादून : मोथरोवाला रोड पर अधूरे निर्माण कार्य बने लोगों के जी का जंजाल

Jul 21, 2025 10:11 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देहरादून
share

मोथरोवाला रोड पर अधूरे निर्माण कार्य के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जल निगम ने नई सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी थी, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं की गई। इससे लोग...

बोले देहरादून : मोथरोवाला रोड पर अधूरे निर्माण कार्य बने लोगों के जी का जंजाल

निगम निगम के वार्ड 83 में आने वाली मोथरोवाला रोड के खस्ताहाल होने से लोगों को हर दिन मुसीबत झेलनी पड़ रही है। दरअसल, जल निगम ने सीवर लाइन चोक होने की शिकायत पर नई सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी थी। सीवर लाइन तो बिछा दी गई, लेकिन सड़क बनाने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग नहीं निभा रहा है। इस मार्ग से रोजाना बंजारावाला, दून विश्वविद्यालय मार्ग, मोथरोवाला,दौड़वाला, दीपनगर, नकरौंदा समेत कई इलाके के हजारों लोग गुजरते हैं। सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोग चोटिल हो रहे हैं, फिर भी इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के ‘बोले देहरादून’ अभियान के तहत हरिद्वार बाईपास से मोथरोवाला जा रही रोड के व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बात की गई, इस दौरान लोगों ने बताया कि नई सीवर लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी, सीवर लाइन तो डाल दी गई, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं की गई।

इससे उनको आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आसपास रहने वाले लोगों और व्यापारियों ने अपने क्षेत्र की सड़क की समस्या बताते हुए कहा कि बीते कई वर्षों से वे लोग सड़क की दुर्दशा देखते हुए परेशान हो चुके हैं। यहां कभी सीवर लाइन बिछाने, पेयजल लाइन बिछाने तो कभी बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने के नाम पर सड़क को खोद कर ही छोड़ दिया जाता है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि क्षेत्र में सीवर लाइन डाले हुए 40 से 45 साल हो चुके थे। क्षेत्र की आबादी बढ़ने के कारण पुरानी सीवर लाइन चोक हो रही थी।

इस समस्या के समाधान के लिए जल निगम ने नई सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू किया। सीवर बिछने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं की गई। जगह-जगह खुदी हुई सड़क का मलबा पड़ा है। ये मलबा बारिश के दौरान नाली में जमा हो रहा है। इससे नालियां भी जाम होने लगी हैं। साथ ही लोगों ने बताया कि कुछ कुछ जगह की स्ट्रीट लाइट को मरम्मत की जरूरत है।

पैदल चलने के लिए फुटपाथ नहीं है। वाहनों की आवाजाही के दौरान हादसे का डर बना रहता है। बरसात में कच्ची सड़क पर कीचड़ हो जाता है और गड्ढों में पानी भरने के कारण पैदल चलने वाले और वाहनों से आवाजाही करने वालों को बहुत समस्या होती है। क्षेत्र के लोगों की मांग है कि सड़क नव निर्माण का कार्य संबंधित विभाग को जल्द शुरू करना चाहिए।

-प्रस्तुति: दीपिका गौड़

मोथरोवाला में बारिश के कारण काम की रफ्तार धीमी हुई है

हरिद्वार बाईपास से बंगाली कोठी, मोथरोवाला तक अधिकांश जगह सीवर लाइन बिछाने का काम हो चुका है। घरों में कनेक्शन दिए जा रहे हैं। बारिश की वजह से काम की रफ्तार धीमी हुई है। सड़कों की दशा बारिश में खराब होती है, इसके लिए टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय है, जहां भी गड्ढे या आवाजाही में दिक्कत होती है हम आरबीएम डालते रहते हैं। -रामकुमार, सहायक अभियंता पेयजल निगम, दून डिवीजन

सड़क के नव निर्माण से मिलेगी सुविधा

लोगों का कहना है कि यहां पर नई सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क को खोदा गया था। सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। लेकिन इसके बाद भी सड़क बनाने का कोई नामो निशान दिखाई नहीं दे रहा हैं। आगे भी सड़क कब तक बनेगी इसकी भी किसी को कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। बदहाल सड़क पर आवाजाही करते समय लोग चोटिल हो रहें हैं। सड़क पर गड्ढों को भरने के लिए पत्थर डाले गए हैं, जो पूरी सड़क पर बिखर गए हैं। ऐसे में दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही हैं। बरसात में उनमें पानी जमा हो जाने से गड्ढों का पता नहीं चल पाता है और रात के अंधेरे में हादसों का डर बना हुआ रहता है।

लिंक रोड पर अधिक रहती है आवाजाही

स्थानीय लोगों का कहना है यह क्षेत्र अधिक आबादी वाला क्षेत्र है और लिंक रोड होने के कारण, यहां से आवाजाही भी अधिक होती है। लेकिन कूड़े का ढेर लगे होने से लोगो को बढ़ती गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि यहां नियमित कूड़ा उठान गाड़ी आती है। लेकिन क्षेत्र से आवाजाही करने वाले और कूड़ा गाड़ी का पैसा बचाने के चलते कुछ लोग इधर-उधर कूड़ा डालते हैं। सुबह से लेकर देर रात लोग यहां से आते जाते कूड़ा डालने का काम करते हैं। क्षेत्र में कूड़े का ढेर होने से गंदगी बढ़ रही है और स्वच्छता रैंकिंग घट रही है। स्थानीय लोगों की मांग है कि कूड़े का ढेर यहां से हटेगा तो सुंदर दून, स्वच्छ दून बनेगा। साथ ही लोगों को भी यहां पर स्वच्छता का ध्यान रखना चाहिए।

सुझाव

1. खुदी सड़क का नवनिर्माण जल्द होना चाहिए। इससे लोगों को जाम से भी मुक्ति मिलेगी।

2. स्थायी काम न होने तक अस्थायी समाधान करते हुए सड़क के गड्ढों को भरा जाना चाहिए।

3. सड़क के दोनों किनारे नालियों का निर्माण होना चाहिए, इससे निकासी सही ढंग से हो पाएगी।

4. सड़क किनारे कचरा डालने वालों पर जुर्माना लगना चाहिए। कार्रवाई होने से ऐसे लोग कचरा नहीं डालेंगे और सफाई रहेगी।

5. कच्ची सड़क पर समय समय पर पानी का छिड़काव होना चाहिए। जिससे धूल मिट्टी न उड़े।

शिकायतें

1. नई सीवर डालने के बाद खोदी हुई सड़क को नही भरा गया। इस कारण लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानी हो रही है।

2. कच्ची और ऊबड़-खाबड़ सड़क पर चलकर लोग चोटिल हो रहे हैं।

3. सड़क किनारे कचरे के ढेर होने से गंदगी फैल रही है। यहां से कचरे के ढेर को हटाया जाना चाहिए।

4. एक ही तरफ नाली होने के कारण बरसात में कचरा भर जाता है और पानी सड़क पर बहता है।

5. सीवर लाइन के कंकरीट के पाइप सड़क किनारे रखे हैं, रात में इनसे वाहनों से टकराने का खतरा रहता है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है।

सड़क की समस्या काफी समय से बनी हुई है। इस बदहाल सड़क को जल्द लोगों की सहुलियत के लिए ठीक किया जाना चाहिए। इस सड़क से हजारों लोग आवाजाही करते हैं।

- दर्शन लाल बिंजोला, पार्षद

सड़क पर जगह-जगह गड्ढे ही गड्ढे हो रखें हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों को झटके लगते हैं। इससे कभी कमर में तो कभी गर्दन पर दर्द हो जाता है। क्षेत्र में विकास कार्य पूरे होने चाहिए। - सौरभ उनियाल

कचरे का ढेर होने से उससे दुर्गंध आती है। सुबह वॉक करने वालों को बहुत दिक्कत होती है। इससे वह दूसरी तरफ से निकल जाते हैं। यहां से कचरे के ढेर को हटाया जाना चाहिए।

-अजय गुसाईं

कचरा होने से आवारा पशु इसके आसपास खाने की तलाश में घूमते रहते हैं। इससे वह कई बार कचरे को उठाकर सड़क तक फैला देते हैं। इससे और ज्यादा गंदगी हो जाती है।

-नितिन सेमवाल

यहां पर कचरा डालने वालों के खिलाफ नगर निगम की ओर से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इससे वे लोग भविष्य में कचरा नहीं डालेंगे और सफाई रखने में योगदान करेंगे।

-अमित धानिक

इस सड़क पर बरसात के पानी की निकासी के लिए नालियां एक तरफ बनी है, लेकिन दूसरी तरफ नाली का निर्माण नहीं किया गया। इससे बरसात का पानी दूसरी तरफ जमा हो जाता है। -संजय भट्ट

नाली का निर्माण सड़क के दोनों तरफ होना चाहिए। इससे सड़क पर जलभराव की समस्या नहीं होगी। लोगों को आवाजाही करते समय कपड़े गंदे होने की चिंता भी नहीं रहेगी।

-विक्रम पंत

नालियां न होने से दुकानों का सारा पानी भी सड़कों पर आता है। इससे सड़क के गड्ढों में पानी भरा रह जाता है। इस कारण लोगों को आवाजाही के दौरान काफी परेशानियां उठानी पड़ती हैं। -निशु चौधरी

इस क्षेत्र की सड़क काफी समय से बदहाल स्थिति में है। यहां पर नई सीवर लाइन बिछाने का काम किया जा रहा था। इसको पूरा किए हुए भी काफी समय हो गया है। -धनपाल सिंह

सड़क के किनारे ही सीवर लाइन में डाले जाने वाले पाइप भी रखे हुए हैं। इससे फुटपाथ पर चलने के लिए जगह नहीं है। लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है। -वीरेंद्र नेगी

यहां की सड़क की हालत बहुत खराब है। इससे पैदल चलने वालों के साथ ही गाड़ी में चलने वालों को भी बहुत दिक्कत होती है। कई बार लोग गिर कर चोटिल हो गए हैं। -रवि वर्मा

सड़क की हालत बहुत खराब है, अब तो कई लोगों ने यहां से आवाजाही करना ही छोड़ दिया है। अब वह दूसरी सड़क से आवाजाही कर रहे हैं। -हिमांशु उनियाल

इस सड़क से आवाजाही करते समय धूल-मिट्टी उड़ती है। धूल-मिट्टी आखों में जाती है, आंखों में जलन होती है। इसके लिए भी डॉक्टर के पास जाना पड़ता है। - मोहित उनियाल

सड़क पर धूल बहुत होती है। इस वजह से यहां से आवाजाही करते समय मुंह पर मास्क या कपड़ा लगाना पड़ जाता है। तब भी बचाव ज्यादा नहीं हो पाता है। -बिजेंद्र कुमार

सड़क किनारे कचरे का ढेर पड़ा रहता है। इससे लोगों को आवाजाही करने में दिक्कत होती है। कचरे के ढेर को समय-समय पर नहीं उठाया जाता है। -मंगलेश ममगाईं

बजरी पड़ी सड़क पर कई बार लोग आवाजाही करते हुए चोटिल हो गए हैं। इसके बाद भी सड़क का निर्माण नहीं किया। पैदल चलने वालो के लिए फुटपाथ भी नही है। -आर्यन डोभाल

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।