गुंडा एक्ट का उल्लंघन करने का आरोपी गिरफ्तार
देहरादून में गुंडा नियंत्रण अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सुनील उर्फ सनी को छह महीने के लिए जिला बदर किया गया था, लेकिन वह निर्धारित अवधि से...

देहरादून। गुंडा नियंत्रण अधिनियम का उल्लंघन करने के आरोप में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह जिलाधिकारी के आदेश पर छह महीने के लिए जिला बदर किया गया था। निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही वह जनपद की सीमा में घुस आया था। पुलिस के अनुसार सुनील उर्फ सनी उर्फ चक्की पुत्र दिलीप, निवासी मंगल बस्ती, राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून (उम्र 28 वर्ष) को बीते 3 अगस्त को जिलाधिकारी देहरादून के आदेश पर गुंडा अधिनियम के तहत छह महीने के लिए जनपद से बाहर किया गया था। उसे सख्त हिदायत दी गई थी कि वह इस अवधि में देहरादून की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा।
एक अक्टूबर को नेहरू कॉलोनी थाने को सूचना मिली कि अभियुक्त समय से पहले ही अपने घर लौट आया है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अभियुक्त के घर पर दबिश की। वहां सुनील घर के बाहर ही घूमता पाया गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 की धारा 3/10 के तहत थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा संख्या दर्ज किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




