ब्लड बैंक की खामियों पर दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या सख्त, 24 घंटे डोनेशन के निर्देश
देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गीता जैन ने ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। उन्होंने रक्तदान की कमी और डोनर्स को खून न मिलने की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया। प्राचार्या ने 24 घंटे ब्लड बैंक को सक्रिय रखने के निर्देश दिए और भविष्य में लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गीता जैन ने ब्लड बैंक की लचर कार्यप्रणाली पर सख्त नाराजगी जताई है। शनिवार को व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान कम रक्तदान, डोनर्स को जरूरत पर खून न मिलने और रात में डॉक्टरों की ड्यूटी न होने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति दर्ज की। प्राचार्या ने चेतावनी दी है कि इस जीवनरक्षक सेवा में किसी भी स्तर पर लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्राचार्या डॉ. जैन और डिप्टी एमएस डॉ. एनएस बिष्ट ने ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नेहा बत्रा से पूरी रिपोर्ट तलब की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि थैलेसीमिया पीड़ितों और लावारिस या असहाय मरीजों को मानवीय आधार पर बिना डोनर के तत्काल खून उपलब्ध कराया जाए।
इसके अलावा पंजीकृत रक्तदाता संस्थाओं के सदस्यों को भी जरूरत पड़ने पर चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) के अनुमोदन से निशुल्क रक्त मिलेगा।रात और शाम के समय रक्तदान न होने की शिकायतों पर प्राचार्या ने सख्त रुख अपनाते हुए ब्लड बैंक को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित डोनर्स को जरूरत के समय खून न मिलने की शिकायतें बेहद गंभीर हैं। भविष्य में ऐसा हुआ तो जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई होगी। स्टाफ को भी नियमों के तहत ही खून देने और बिना डोनर अनावश्यक रक्त निर्गत न करने की हिदायत दी गई है। मरीजों के हितों को सर्वोपरि रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


