Dehradun News: सितंबर में आईटी पार्क क्षेत्र का सर्वेक्षण पूरा होगा, जलभराव का होगा स्थाई समाधान
Dehradun News: फोटो..-आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव का होगा स्थायी समाधान, सितंबर में पूरा होगा विस्तृत सर्वेक्षण

Dehradun News: देहरादून, प्रमुख संवाददाता। अगर प्रशासन की योजना सफल हुई तो आने वाले दिनों में आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो सकेगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को क्षेत्र का गहन सर्वेक्षण कर सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम तैयार करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सितंबर में आईटी पार्क क्षेत्र का विस्तृत सर्वेक्षण पूरा कराने के निर्देश दिए।
जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान
सहस्रधारा मोटर मार्ग स्थित आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को ऋषिपर्णा सभागार में उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सड़कों पर जलभराव की समस्या देहरादून शहर के लिए लगातार गंभीर चुनौती बनती जा रही है। इसका स्थायी समाधान केवल तात्कालिक जल निकासी से नहीं, बल्कि शहर में वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित ड्रेनेज व्यवस्था विकसित कर ही संभव है। उन्होंने सिंचाई विभाग के माध्यम से चिन्हित कंसल्टेंसी के विशेषज्ञों को आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव के कारणों का गहन तकनीकी सर्वेक्षण करने और ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, जल निकासी के प्राकृतिक मार्ग, वर्षा जल के प्रवाह तथा वर्तमान ड्रेनेज व्यवस्था का समग्र अध्ययन किया जाए। ताकि भविष्य में भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि कंसल्टेंसी द्वारा सर्वेक्षण के आधार पर दिए जाने वाले सुझावों और प्रस्तावित समाधानों का तकनीकी स्तर पर गहन परीक्षण किया जाए। इसके बाद प्रभावी ड्रेनेज प्लान तैयार कर शासन स्तर पर उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जलभराव का स्थायी समाधान होने से आईटी पार्क क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा स्थानीय नागरिकों, कर्मचारियों और आमजन को बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में सिडकुल, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग तथा अनुसंधान एवं नियोजन खंड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रतिनिधि शामिल हुए।
-------
बालिकाओं के लिए विशेष हेयर ग्रूमिंग एवं पर्सनल केयर क्लास
देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की पहल पर नारी निकेतन, केदारपुरम में निवासरत संवासिनियों एवं बालिका निकेतन की बालिकाओं के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास, व्यक्तिगत स्वच्छता और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष हेयर ग्रूमिंग एवं पर्सनल केयर क्लास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरीश कुमार गोयल के दिशा-निर्देशन व प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी के मार्गदर्शन में आईबीआई इंटरनेशनल के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में नारी निकेतन में निवासरत 155 संवासिनियों तथा बालिका निकेतन की 18 बालिकाओं को हेयर ग्रूमिंग एवं व्यक्तिगत साज-सज्जा से संबंधित सेवाएं और प्रशिक्षण प्रदान किया गया।


