
दून अस्पताल में बढ़ेंगे गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड, रात दस बजे तक सुविधा
देहरादून के दून अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा को बढ़ाया गया है। अब महिलाएं तीन बजे के बाद भी अल्ट्रासाउंड करा सकेंगी। निजी एजेंसी आईएस हेल्थकेयर को अनुमति दी गई है, जिससे 680 रुपये में यह सेवा उपलब्ध होगी। इससे गर्भवतियों को राहत मिलेगी।
देहरादून। दून अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। अब तीन बजे के बाद भी उनको अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल जाएगी। अभी तक यहां पर एक ही रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सुबोध नौटियाल ही है, वह 20 अल्ट्रासाउंड गर्भवतियों के रोजाना करते हैं और एक सप्ताह की वेटिंग दी जाती है। अब प्रबंधन ने निजी एजेंसी आईएस हेल्थकेयर को तीन बजे के बाद गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड करने की अनुमति प्रदान कर दी है। सोमवार से यह व्यवस्था लागू हो गई है। यहां पर 680 रुपये में अल्ट्रासाउंड हो जाएगा, जो अल्ट्रासाउंड निजी सेंटरों पर 1500 रुपये का होता है।
इससे गर्भवतियों को काफी राहत मिलेगी। एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के लिए मुफ्त अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध है। एक ही डॉक्टर होने की वजह से कई महिलाओं की जांच नहीं हो पाती है। इसीलिए प्राचार्य स्तर पर लिए फैसले के मुताबिक अस्पताल टाइम के बाद निजी एजेंसी को अनुमति दी गई है कि वह सस्ती दरों पर अल्ट्रासाउंड कर दें। रोजाना करीब 30 गर्भवतियों को निजी सेंटरों पर महंगी जांच से छुटकारा मिलेगा। रात दस बजे तक अल्ट्रासाउंड की सुविधा दून अस्पताल में मरीजों के अल्ट्रासाउंड रात दस बजे तक हो रहे हैं। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. प्रकाश पांडेय शाम चार से रात दस बजे तक अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि चौथे डॉक्टर के मिलने पर आईपीडी एवं इमरजेंसी में अल्ट्रासाउंड शुरू होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




