Dehradun News: दून अस्पताल में डॉक्टरों के बाद सफाई कर्मियों ने की हड़ताल, बढ़ी मरीजों की मुसीबत
Dehradun News: देहरादून के दून अस्पताल में सफाई कर्मचारियों ने समान कार्य समान वेतन लागू न होने और सुपरवाइजरों के बुरे रवैये के खिलाफ हड़ताल की। कर्मचारियों ने चार महीनों से वेतन की मांग को लेकर अधिकारियों के पास जाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अस्पताल प्रशासन ने बैठक बुलाई है।
Dehradun News: देहरादून। समान कार्य समान वेतन लागू न होने और सुपरवाइजरों के कथित रवैये से नाराज दून अस्पताल के सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को हड़ताल कर दी। पुरानी बिल्डिंग और ओटी-इमरजेंसी में उपनल के करीब 110 सफाई कर्मचारी तैनात हैं। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सुपरवाइजर पांच मिनट देर से आने पर भी अभद्रता करते हैं और उन्हें वापस भेज देते हैं। वहीं, अन्य कर्मचारियों से दो से चार वार्डों तक की सफाई कराई जाती है। कर्मचारियों का कहना है कि समान कार्य समान वेतन की मांग को लेकर वे चार महीने से अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन प्राचार्य और वित्त नियंत्रक स्तर पर सुनवाई नहीं हुई।
कर्मचारियों ने प्राचार्य डॉ. गीता जैन, एमएस डॉ. आरएस बिष्ट और डीएमएस डॉ. विनम्र मित्तल के सामने भी समस्या रखी। एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि कर्मचारियों को आधा घंटे देर से आने पर ही अनुपस्थिति दर्ज करने का आश्वासन दिया गया है। समान कार्य समान वेतन के मुद्दे पर बैठक रखी गई है। उधर, निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने सुबह 11 बजे अधिकारियों की बैठक बुलाई। हड़ताल के दौरान अशोक कुमार, विष्णु प्रसाद, राहुल, कपिल, बंटी, सनी, दीपक, सतीश, राकेश, विनोद, सरला, ममता, कमलेश, रेखा, पूजा, किरन, मंजू और रज्जो समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


