गैस किल्लत के बीच बुकिंग कैंसिल होने का झांसा दे साइबर ठगी

Newswrap हिन्दुस्तान, देहरादून
Follow us on Google News
share

रायपुर में 62 वर्षीय बुजुर्ग को गैस बुकिंग कैंसिल होने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उनके दो बैंक खातों से 1.17 लाख रुपये उड़ा लिए। बुजुर्ग ने ठग की कॉल पर विश्वास कर एक लिंक खोला, जिससे उनका मोबाइल हैक हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गैस किल्लत के बीच बुकिंग कैंसिल होने का झांसा दे साइबर ठगी

रसोई गैस की किल्लत को साइबर अपराधियों ने नया हथियार बना लिया है। रायपुर थाना क्षेत्र में एक 62 वर्षीय बुजुर्ग को गैस बुकिंग कैंसिल होने का झांसा दे साइबर ठगों ने उनके दो बैंक खातों से 1.17 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रायपुर रोड बालावाला निवासी सुरेश चंद्र कवटियाल (62 वर्ष) का एसबीआई की हर्रावाला और नथुवावाला शाखा में एक-एक बैंक खाता है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने बताया कि बीते 22 अप्रैल को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबरों से फोन आया था।

कॉलर ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनकी गैस बुकिंग किसी तकनीकी कारण से कैंसिल हो गई है। इसे तुरंत दोबारा बुक करना होगा। इन दिनों गैस सिलेंडर की मारामारी के चलते पीड़ित आसानी से झांसे में आ गए। आरोपी ने दोबारा बुकिंग की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर सुरेश चंद्र को व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और मात्र दो रुपये का ऑनलाइन पेमेंट करने को कहा। जैसे ही बुजुर्ग ने उस लिंक को खोला उनका पूरा मोबाइल फोन हैक हो गया। चंद मिनटों के भीतर ही उनके दोनों बैंक खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम कटी। मोबाइल पर एक के बाद एक बैंक से रकम कटने के मैसेज देखकर पीड़ित के होश उड़ गए। वह तुरंत रायपुर पुलिस थाने पहुंचे और तहरीर दी। साथ ही अपने बैंक खाते ब्लॉक कराए। एसओ नेहरू कॉलोनी संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत पर गुरुवार को अज्ञात के खिलाफ साइबर ठगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।