
डेवलपर के अकाउंट से कंपनी की फाउंडर के खिलाफ अभद्र पोस्ट
संक्षेप: देहरादून में एक सॉफ्टवेयर डेवलपर के एकाउंट का दुरुपयोग कर कंपनी की फाउंडर के खिलाफ अश्लील पोस्ट किए गए। शिकायतकर्ता धीरज जोशी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके अकाउंट से यह पोस्ट की। पुलिस ने आईटी...
देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता। सॉफ्टवेयर डेवलपर के एकाउंट का दुरुपयोग कर कंपनी की फाउंडर के खिलाफ अश्लील और आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में दी गई शिकायत के आधार पर राजपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राजपुर प्रदीप रावत ने बताया कि डेवलपर धीरज जोशी की शिकायत पर केस दर्ज हुआ हे। वह एक कंपनी से जुड़े हैं। कहा कि बीते नौ अक्तूबर को रात लगभग 1:15 बजे से 1:28 बजे के बीच उनके आधिकारिक एकाउंट से दो अभद्र और अशोभनीय पोस्ट किए गए। इन पोस्टों में फाउंडर के खिलाफ अत्यधिक अश्लील और अपमानजनक बातें लिखी गई थीं।
पोस्ट में कंपनी के सीटीओ का नाम भी शामिल किया गया। शिकायतकर्ता धीरज जोशी ने कहा कि यह पोस्ट उन्होंने नहीं की। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके अकाउंट का अनधिकृत रूप से इस्तेमाल किया। घटना की जानकारी उन्हें अगली सुबह दैनिक स्टैंडअप मीटिंग के दौरान सहकर्मियों से मिली। इसके बाद पोस्ट को उनके वरिष्ठ अधिकारियों की मदद से तुरंत हटा दिया गया। उनके पास इसका स्क्रीनशॉट और लॉग मौजूद हैं। इंस्पेक्टर प्रदीप रावत ने बताया कि मामले में आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




