पत्रकारों से झड़प पर माहरा ने जताया खेद, हरदा ने मांगी माफी
कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने देहरादून में पुलिस लाइन में पत्रकारों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प पर खेद जताया। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है...
कांग्रेस अध्यक्ष ने खेद प्रकट करते हुए पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल देहरादून, मुख्य संवाददाता।
पुलिस लाइन में पत्रकारों के साथ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की झड़प पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने खेद जताया। साथ ही पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कांग्रेस परिवार के बुजुर्ग के रूप में माफी मांगी।
कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा को पत्र भेज कर पुलिस लाईन देहरादून में हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। खेद प्रकट करते हुए इस घटना का पूरा दोष पुलिस प्रशासन को दिया। कहा कि इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि पुलिस लाइन में पत्रकारों का कोई कार्यक्रम चल रहा है। इसके साथ ही पत्रकारों को भी इसकी जानकारी नहीं थी कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन लाया जा रहा है। गलत फहमी में पत्रकारों को लगा कि कांग्रेसी उनका विरोध करने आए हैं। इसी गलतफहमी में ये घटना हुई।
कहा कि यदि इस घटना से कोई आहत हुआ है तो इसका उन्हें अत्यंत दुख है। विपक्ष और पत्रकारों का सामंजस्य लोकतंत्र के लिए भी बहुत आवश्यक है। कहा कि उन्हें इस घटना में कोई साजिश भी हो सकती है। पुलिस के कारण यह गलत फहमी हुई है। पुलिस कांग्रेसियों को दूसरे स्थान पर ले जाना चाहिए था। ऐसा नहीं किया जो दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके बावजूद यदि इस घटना से किसी को भी ठेस पहुंची है तो वे हृदय की गहराइयों से खेद व्यक्त करते हैं।
पुलिस भी पत्रकारों और कांग्रेस से खेद प्रकट करे
पूर्व सीएम हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर कहा कि पुलिस लाइन में हुई घटना के लिए वे क्षमा प्रार्थी हैं। कांग्रेस परिवार के बुजुर्ग के नाते वे क्षमा प्रार्थी हैं। इस घटना में हुई चूक के लिए पुलिस भी कांग्रेस और पत्रकारों से खेद प्रकट करे। कांग्रेस पार्टी और कांग्रेसजन हमेशा प्रेस का लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ के रूप हमेशा आदर, सम्मान देते रहे हैं। कांग्रेस प्रेस की स्वाधीनता, सम्मान व सुरक्षा के प्रति हमेशा समर्पित रही है। किसी बिंदु पर मतभेद भी उभरे हैं तो हमने उसका समाधान पारस्परिक सामंजस्य के साथ किया है।
आप बोली, मीडिया की बजाय भाजपा पर हमला करें कांग्रेस नेता
देहरादून। आप आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा से मिल कर अपना समर्थन दिया। उपाध्यक्ष विशाल चौधरी ने कहा कि घटना के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को समर्थन दिया जाएगा। कहा कि बेहतर होता कि कांग्रेसी मीडिया की बजाय भाजपा पर हमला करते। राज्य में पत्रकार असुरक्षित हैं। सत्ता पक्ष के साथ ही राज्य मे वैकल्पिक सरकार की भूमिका निभा रही कांग्रेस के कार्यकर्ता भी पत्रकारों पर हमले करते नजर आ रहे है। इस अवसर पर आप प्रदेश महामंत्री डीके पाल, सचिव शोएब अंसारी, श्यामलाल नाथ, जसबीर सिंह उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।