आपदा प्रभावित क्षेत्र में माफ हों बिजली के बिल: कांग्रेस
लक्सर के पूर्व दर्जाधारी रविंद्र सिंह आनंद ने बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया और किसानों की समस्याओं को सुना। उन्होंने सरकार पर 2025 के आपदा पीड़ितों की अनदेखी का आरोप लगाया और तत्काल बिजली बिल माफी की मांग की। बाढ़ से फसलों को भारी नुकसान हुआ है और उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी।

लक्सर। कांग्रेस के पूर्व दर्जाधारी रविंद्र सिंह आनंद ने लक्सर में बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील कई गांव का दौरा कर किसानों और मजदूरों का हालचाल जाना। उन्होंने सरकार पर 2025 के आपदा प्रभावित परिवारों की सुध न लेने का आरोप लगाते हुए उनके बिजली के बिल तत्काल माफ करने की मांग की। कांग्रेस सरकार में दर्जाधारी राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने मंगलवार को लक्सर क्षेत्र के हबीबपुर कुड़ी, गिद्धावाली, महाराजपुर खुर्द, महाराजपुर कलां, डुमनपुरी, रामपुर रायघटी, कबूलपुरी रायघटी, बालावाली, बहादराबाद, नंदपुर, कलसिया, पंडितपुरी व सोंपरी समेत करीब 15 गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव के किसानों और मजदूरों से बात करके 2025 में आई बाढ़ आपदा के हालात की जानकारी ली।
इसके बाद उन्होंने कस्बे में देर शाम पत्रकारों से बात की। बताया कि जुलाई, अगस्त व सितंबर महीने में आई बाढ़ से लक्सर में फसलों को भारी नुकसान हुआ था। धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई थी, जबकि गन्ने की पैदावार भी 50 प्रतिशत कम हो रही है। इसके अलावा गंगा नदी से सटी सैकड़ो बीघा जमीन भूमि कटाव से बर्बाद हो चुकी है। लेकिन बाढ़ का पानी उतारने के 4 महीने बाद भी आपदा प्रभावित परिवारों को अभी तक कोई राहत नहीं मिली है। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत उन्हें मुआवजे का भुगतान करने के साथ ही उनके बिजली के बिल माफ करे। ऐसा नहीं करने पर उन्होंने लक्सर में आंदोलन करने की चेतावनी भी दी। उनके साथ रवि कुमार, मोहित, संदीप कुमार आदि समर्थक मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


